हिमाचल: मां को आया चक्कर, पलभर में उजड़ गई गोद; मंडी जिले में पानी की बाल्टी में डूबा ढाई साल का मासूम
मंडी के नेरचौक क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के बच्चे की जान चली गई। बताया जा रहा है कि कपड़े धोते समय मां को चक्कर आने से वह बेहोश हो गई थी। इसी दौरान बच्चा बाथरूम में रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया।
विस्तार
जिला मंडी के नेरचौक में एक हृदयविदारक हादसे में ढाई साल के मासूम की मौत हो गई। नगर परिषद नेरचौक के वार्ड नंबर नौ स्थित डडौर में हुई इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक बच्चे की पहचान अनिरुद्ध अबरोल, पुत्र रोहित अबरोल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को बच्चे की मां घर में कपड़े धो रही थीं। कपड़े धोने के बाद वह उन्हें सुखाने के लिए बाहर गईं। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वह बेहोश हो गईं। बताया जा रहा है कि इसी बीच अनिरुद्ध बाथरूम में चला गया और वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया।
कुछ समय बाद जब मां को होश आया तो उन्होंने बच्चे को बाल्टी में पड़ा देखा। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन तुरंत बच्चे को नेरचौक मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस हादसे के संबंध में छानबीन कर रही है।