मंडी: 18,094 युवा देंगे पुलिस भर्ती का ग्राउंड टेस्ट, 19 नवंबर से होगा आयोजन, जानें एसपी ने क्या कहा
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा 19 से 25 नवंबर तक होगी। महिला अभ्यर्थियों का टेस्ट 25 से 28 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह सात बजे है।
विस्तार
पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहे मंडी जिले के 18,094 युवाओं के लिए 19 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होगी। यह ग्राउंड टेस्ट तृतीय भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबीएन) पंडोह के मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसमें 12,941 पुरुष और 5,153 महिला अभ्यर्थी अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। पुलिस विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। इससे किसी भी स्तर पर अनियमितता की गुंजाइश नहीं रहेगी। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा 19 से 25 नवंबर तक होगी। महिला अभ्यर्थियों का टेस्ट 25 से 28 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह सात बजे है। उन्हें प्रवेश पत्र और दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। भर्ती से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज भी परीक्षा स्थल पर प्रस्तुत करने होंगे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा का विवरण
शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 100 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और 1500 मीटर दौड़ की परीक्षा देनी होगी। वहीं, महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और 800 मीटर दौड़ निर्धारित की गई है। इन स्पर्धाओं के माध्यम से अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता और फिटनेस का आकलन किया जाएगा। यह परीक्षा कुल 10 दिन तक पंडोह में चलेगी।
निष्पक्ष चयन और चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस भर्ती में चयन योग्यता और प्रदर्शन पर आधारित होगा। किसी भी सिफारिश, राजनीतिक दबाव या पैसों के लेन-देन से चयन संभव नहीं है। उन्होंने अभ्यर्थियों को दलालों और ठगों से सावधान रहने की सलाह दी है। यदि कोई व्यक्ति चयन करवाने का झांसा देकर पैसे मांगता है, तो उसकी बातों में न आएं। ऐसे व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें और उपलब्ध साक्ष्य भी साझा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी करने या ठगी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
