{"_id":"e4cb7961f1ecb8c9b86f41b2533f75e1","slug":"heavy-snowfall-in-mandi-hindi-news-1","type":"story","status":"publish","title_hn":"मंडी के 35 गांवों में बर्फबारी के कारण बिजली आपूर्ति बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंडी के 35 गांवों में बर्फबारी के कारण बिजली आपूर्ति बंद
Updated Fri, 11 Dec 2015 09:36 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ताजा हिमपात और बारिश से समूचा जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वीरवार रात से चौहारघाटी, कमरूनाग, शिकारी की चोटियों में ताजा हिमपात हुआ। निचले क्षेत्रों में शुक्रवार को पूरे दिन रूक-रूक बारिश होती रही। बर्फबारी से चौहारघाटी की सड़क बंद होने से कई गांवों का संपर्क कट गया है।
विज्ञापन
शुक्रवार को चौहारघाटी के बरोट में दो से तीन इंच बर्फबारी हुई। वहीं सराज क्षेत्र के शिकारी देवी, कमरूनाग, देवीदहड़, मगरूगला क्षेत्र में भी तीन से चार इंच तक बर्फ गिरी। चौहारघाटी के बरोट-लुहारड़ी, बरोट-कोठी कोहढ़, बरोट-म्योट सड़क बर्फबारी से अवरुद्ध हो गई। जिससे घाटी के करीब एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क कट गया है। जिसमें रोलिंग, लच्छयाण, बजौण, खवाहण, म्योट, बड़ी झरवाड़, खलैल, लपास आदि गांव शामिल हैं।
विज्ञापन
चौहारघाटी और छोटा भंगाल के करीब 35 गांव में बिजली की आपूर्ति ठप है। बरोट बाजार में बिजली न होने से दफ्तरों में कामकाज प्रभावित रहा है। इस संबंध में एसडीओ अशोक शर्मा ने बताया कि बरोट से पांच किलोमीटर पीछे बर्फबारी के कारण मैन लाइट में खराबी आने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
विज्ञापन
वहीं गोहर उपमंडल में कमरूनाग, शिकारी देवी, देवीदहड़, भुलाह, ढीम कटारू, मगरूगला, सजीहणीधार और करसोग की पहाडिय़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। एसडीएम गोहर राघव शर्मा ने क्षेत्र मेें बर्फबारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उपमंडल में किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। लोनिवि की सड़कों पर अभी तक यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।
विभाग के अधिशाषी अभियंता नंदलाल चौहान ने बताया कि जंजैहली और बालीचौकी उपमंडलों में जेसीबी और मजदूर तैनात कर दिए हैं। लोगों को सड़क यातायात से संबंधित कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उधर बर्फबारी और बारिश से किसानों और बागवानों ने राहत की सांस ली है। सूखे से जूझ रही गंदम की फसल को संजीवनी मिली है तथा ऊंचाई वाले क्षेत्र में किसान अब पर्याप्त नमी के बाद गंदम की बिजाई करेंगे।
सेब बागवानों के लिए भी यह बारिश रामबाण सिद्ध हुई है। आजकल सेब बागवानों ने बगीचों में खाद और गोब डाल दी है। जिस पर बारिश बेहद लाभदायक सिद्ध होगी। क्षेत्र के बागवानों और किसानों चतर सिंह ठाकुर, नारायण सिंह, मोहर सिंह, तेजपाल, मुरारी लाल, मनोहर लाल, भीम सिंह, ठाकर दास, मदन लाल, पंकज कुमार, परस राम, उत्तम चंद, दीनानाथ और देवी राम ने बताया कि यह बारिश बागवानों के लिए लाभदायक हुई है।