{"_id":"5ba67d97867a55013270f613","slug":"71537637783-mandi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ओ रीनू ओ रीनू... गीत पर मचाया धमाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ओ रीनू ओ रीनू... गीत पर मचाया धमाल
Updated Sat, 22 Sep 2018 11:06 PM IST
विज्ञापन
गोहर (मंडी)। जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या हिमाचल के लोक कलाकार नरेंद्र ठाकुर के नाम रही। पांचवीं संध्या में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में लोनिवि के अधिशासी अभियंता रमेश खालसा ने शिरकत की। मेला कमेटी की प्रधान कमला शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का आगाज किया। प्रसिद्ध शहनाई वादक सूरजमणी की मधुर शहनाई से पांचवीं संध्या शुरू हुई। इसके बाद आयुष मंगला म्यूजिकल ग्रुप के कलाकार आयुष ने अपनी दमदार प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। कुल्लू से आई पूजा आर्य म्यूजिकल ग्रुप की कलाकार पूजा ने दर्शकों को कुल्लू की संस्कृति की झलक दिखाई। चितरंजन और रिंकू म्यूजिकल ग्रुप लोहारा के कलाकारों ने पंजाबी और फिल्मी गीतों से धमाल मचाया। जितेंद्र म्यूजिकल ग्रुप गोहर, टेक चंद म्यूजिकल ग्रुप कलश और शांघल म्यूजिकल ग्रुप गुलाड़ के कलाकारों ने पहाड़ी और हिंदी गीतों से धूम मचाई। कर्मा म्यूजिकल ग्रुप भौर और सुरेश कनैड़ के कलाकारों ने ख्योड़ वासियों को अपनी प्रस्तुतियों से जमकर नचाया। रात 9 बजे स्टार कलाकार नरेंद्र ठाकुर ने जैसे ही मंच संभाला तो पंडाल ने तालियों और सीटियों से उनका स्वागत किया। नरेंद्र ठाकुर ने बेटी अनमोल धन सा यारो, बुधुआ मामा हालटुआ, झूरी, शाहुरा लाणा तेरे गरांव तू बोले शोभला हाया ना, ओ रीनू ओ रीनू तेरी चिट्ठी, बांगा चुटी ओ सरला, रोक भाभीये, बोतला फूटी हाय रे नातिया समेत अनेक पहाड़ी नाटियों से धूम मचाई। नरेंद्र ठाकुर की नाटियों पर बारिश की बूंदाबांदी के बीच दर्शकों और युवाओं ने जमकर नाटी डाली। रविवार को ख्योड़ मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इसमें लोक कलाकार इंद्रजीत सिंह दर्शकों को नचाने आएंगे। इस मौके पर मेला कमेटी की प्रधान कमला शर्मा, उपप्रधान उमेश कुमार शर्मा, एसडीओ लोनिवि विश्वजीत समेत अनेक गण्यमान्य लोगों ने भाग लिया।
विज्ञापन