शारदीय नवरात्रि 2024: कल सुबह 4 बजे खुलेंगे मां चिंतपूर्णी के कपाट, साढ़े 21 घंटे खुला रहेगा मां नयना का दरबार
हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठों में शारदीय नवरात्रों के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। नवरात्र में शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी का दरबार साढ़े 21 घंटे तक खुला रहेगा। कांगड़ा की शक्तिपीठों के कपाट सुबह पांच बजे से खुलेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वीरवार से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्रों के लिए हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है। नवरात्र में शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी का दरबार साढ़े 21 घंटे तक खुला रहेगा। कांगड़ा की शक्तिपीठों के कपाट सुबह पांच बजे से खुलेंगे।
उधर तीन अक्तूबर को मां चिंतपूर्णी में सुबह चार बजे माता की पिंडी के दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खुल जाएंगे। सुगम दर्शन प्रणाली से भी श्रद्धालु माता के दर्शन सहजता से कर सकेंगे। चिंतपूर्णी में 3 से 12 अक्तूबर तक असूज नवरात्र मेला भी आयोजित होगा। 300 पुलिस और होम गार्ड के जवान सुरक्षा व्यवस्था बनाने के लिए तैनात रहेंगे।
शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी मंदिर नवरात्र के दौरान रात 12:00 बजे से 2:00 बजे और दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक बंद रहेगा। मंदिर और श्रद्धालुओं के लिए पुलिस और होमगार्ड के 600 जवान तैनात रहेंगे। मेले के दौरान पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार और अन्य प्रदेशों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए पहुंचेंगे। टोबा से श्री नयनादेवी जी नगर तक 9 सेक्टर बनाए गए हैं। पंजाब के कारीगर मंदिर को भव्य रूप से सजाने में लगे हुए हैं।
ज्वालामुखी मंदिर के कपाट पहले नवरात्र से सुबह पांच बजे खुलेंगे। छठी, सप्तमी, अष्टमी को मंदिर 24 घंटे दर्शन के लिए खुला रहेगा। मंदिर में इस बार 100 पुलिस जवान, होम गार्ड तैनात रहेंगे। श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में कपाट पहले नवरात्र से सुबह पांच बजे खुलेंगे। 40 पुलिस कर्मी 20 होमगार्ड सुरक्षा की कमान संभालेंगे। इसमें 12 होम गार्ड पहले से ही स्थायी तौर पर मंदिर में सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे हैं। कांगड़ा के बज्रेश्वरी मंदिर में भी सुबह पांच बजे से नवरात्र पर कपाट खुलेंगे। मंदिर में इस दौरान 50 से अधिक सुरक्षा कर्मी होंगे। छठी, सप्तमी, अष्टमी के लिए 24 घंटे कपाट खुले रहेंगे।