कुल्लू। कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारी को लेकर सोमवार को दूसरे ड्राई रन का आयोजन किया गया। कुल 35 स्थानों पर हुए ड्राई रन में 165 कोरोना कर्मवीरों की डमी वैक्सीनेशन की गई। उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि जिले में कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारियों को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है।
पहले चरण में 4206 कोरोना कर्मवीरों को वैक्सीन दी जाएगी। इसी कड़ी में सोमवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग कुल्लू के माध्यम से कुल्लू जिले के 35 स्थानों पर सुबह 11 बजे से दोपहर बाद एक बजे तक दूसरे ड्राई रन का आयोजन किया। विभाग की ओर से कोविन पोर्टल के माध्यम से जिन लोगों का पहले पंजीकरण किया गया था, उनके मोबाइल पर मैसेज भेजा गया। इसके साथ ही वैक्सीनेशन के लिए समय व स्थल की जानकारी एसएमएस के माध्यम से दी गई। ड्राई रन के लिए बुलाए गए लाभार्थियों की सूची पहले ही तैयार कर ली गई थी। इस दौरान सबसे पहले लाभार्थियों के मोबाइल पर मैसेज को चेक किया। इसके बाद उनके नाम का सूची से मिलान किया और उनकी पंजीकरण प्रक्रिया को पूरा किया गया। इस दौरान लाभार्थियों के पहचान पत्र प्रमाण के रूप में जांचे गए। चिकित्सकों की ओर से उन्हें आधा घंटा बिठाने के बाद भेज दिया गया। इस प्रकार ड्राई रन की दूसरी रिहर्सल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों, चिह्नित किए गए स्कूल भवनों में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि चिकित्सक सहित अन्य कर्मचारियों की देखरेख में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया को पूरा किया गया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नरेश, बीएमओ डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. भगवत मेहता आदि मौजूद रहे।