बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार में पंचायती राज चुनावों के सफल संचालन के लिए पूर्वाभ्यास किया गया। पूर्वाभ्यास में सोमवार को एसडीएम बंजार हेमचंद वर्मा विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इस दौरान बंजार के अंतर्गत आने वाली 40 पंचायतों के लिए चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को जानकारी प्रदान की गई।
एसडीएम ने कहा कि पंचायत चुनाव बैलेट पेपर पर होंगे। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण की आवश्यकता थी। ऐसे मेें अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनाव करवाने संबंधी बारीकियों से अवगत करवाया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तौर पर पंचायतीराज चुनाव को लेकर सारी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके दायित्व सौंप दिए गए हैं। 40 पंचायतों के 213 वार्डों में 403 कर्मचारी को तैनात किया गया है। इस दौरान तहसीलदार बंजार विपिन शर्मा, खंड विकास अधिकारी बंजार केहर सिंह, पंचायत लेखा परीक्षक लाल चंद, पंचायत निरीक्षक पवन ठाकुर, ललित कुमार आदि उपस्थित रहे।