राजा का तालाब (कांगड़ा)। राजा का तालाब उपतहसील की ग्राम पंचायत लाड़थ के गांव वरोह के निवासी राजकुमार राजू (44) पुत्र स्व. करम चंद की वीरवार रात को खेहर पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजकुमार राजू वीरवार को रैहन की तरफ से पैदल ही राजा का तालाब जा रहा था। इसी बीच सड़क से गुजरते किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह सड़क पर गिर पड़ा। लोगों ने जब राजकुमार को सड़क पर बेसुध पड़े देखा, तो उन्होंने उसे तत्काल रैहन स्थित सरकारी अस्पताल में पहुंचाया और घटना की जानकारी पुलिस चौकी रैहन को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी रैहन के प्रभारी नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार और कांस्टेबल रवि कुमार ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। रैहन अस्पताल में डॉक्टर ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। गरीब परिवार से संबंधित राजकुमार राजू अपने पीछे एक बेटी और बेटा छोड़ गया है। रैहन पुलिस चौकी के प्रभारी नरेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल में भेज दिया है। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ग्राम पंचायत लाड़थ के उपप्रधान संजय कुमार ने सरकार से पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।