{"_id":"19-38593","slug":"Kangra-38593-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"सड़क के विवाद में 7 महिलाओं पर केस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सड़क के विवाद में 7 महिलाओं पर केस
Kangra
Updated Thu, 15 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। क्षेत्र के बढलठोर (कनोल) से चिंतपूर्णी सड़क के निर्माण को लेकर चल रहे विवाद में पुलिस ने सात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। बाद में तहसीलदार के समक्ष पेश कर जमानत पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार परागपुर ब्लाक के गांव दोदरा के निकट सड़क निकालने को लेकर दो गांवों में विवाद चल रहा है। यह विवाद करीब दस साल से ज्यादा पुराना है। पुलिस और प्रशासन ने कई बार दोनों पक्षों को बिठाकर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष अभी तक अपनी बात पर अड़े हैं। सोमवार को पुलिस ने फिर से इस मामले को सुलझाने के प्रयास किया, लेकिन सड़क के निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में कोई सहमति नहीं बन पाई। इस पर गांव वालों ने विवाद में महिलाओं को आगे कर दिया और पुलिस के साथ बहस शुरू कर दी और हालात बिगड़ने की नौबत आ गई। इस पर महिला पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सात महिलाओं को पुलिस थाना ले आई। पुलिस थाना में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मेडिकल करवाया गया। बाद में सभी आरोपी महिलाओं को तहसीलदार के समक्ष पेश कर जमानत पर रिहा कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब एक-डेढ़ किमी सड़क के निर्माण को लेकर विवाद है, जबकि शेष सड़क का निर्माण हो चुका है और लोनिवि इसे पक्का भी कर चुका है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों की राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण विवाद चल रहा है। यदि मामले को पहले ही सही तरीके से हल किया जाता तो विवाद महिलाओं की गिरफ्तारी तक नही पहुंचा। उधर, इस संबंध में डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने सात महिलाओं के खिलाफ 107-51 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की तफ्तीश जारी है।
विज्ञापन