बैजनाथ (कांगड़ा)। जवाहर नवोदय विद्यालय की जमा दो कक्षा के पांच और बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शनिवार को विद्यालय के एक दर्जन बच्चे संक्रमित पाए गए थे और विद्यालय को स्थानीय प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया था। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 65 बच्चों के सैंपल लिए थे, जिनमें से रविवार को 5 बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
रविवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 47 और बच्चों के सैंपल एकत्रित किए हैं। दूसरी तरफ सीबीएसई की ओर से परमार्थ इंटरनेशनल स्कूल बैजनाथ के बच्चों के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। अब विद्यालय के कंटेनमेंट जोन बनने के बाद बोर्ड ने परमार्थ इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों की परीक्षा के लिए उसी स्कूल को परीक्षा केंद्र बना दिया है। जवाहर नवोदय विद्यालय के बच्चों के आगामी प्रस्तावित पेपर की परीक्षा को लेकर देर शाम तक किसी भी प्रकार के आदेश जारी नहीं हो सके थे। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश डोगरा ने बताया कि रविवार को 5 बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और अन्य 47 बच्चों के सैंपल लिए गए हैं। वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्य रेनू शर्मा ने बताया कि परमार्थ इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों के आगामी पेपर उनके अपने स्कूल में ही होंगे और विद्यालय में चल रही परीक्षाओं को लेकर अभी उच्च अधिकारियों के किसी भी प्रकार के आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं। संवाद