एचपीयू: अक्तूबर में होंगी सीडीओई यूजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं, जानें ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक श्यामल लाल कौशल ने आदेश जारी कर विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म भरने के लिए समय दिया है। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन करने पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार विलंब शुल्क लगेगा।
विस्तार
प्रदेश विश्वविद्यालय के तहत राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार एचपीयू दूरस्थ शिक्षा केंद्र सीडीओई में संचालित स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं अक्तूबर में होंगी। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक श्यामल लाल कौशल ने आदेश जारी कर विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म भरने के लिए समय दिया है। ऑनलाइन फार्म 30 सितंबर तक भरे जा सकेंगे। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन करने पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार विलंब शुल्क लगेगा। परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय के छात्र पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे। विश्वविद्यालय ने संबद्ध कॉलेजों और संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि प्रवेश लेने वाले सभी पात्र विद्यार्थियों के फार्म निर्धारित समय में भरवाए जाएं और उनका सत्यापन भी किया जाए। फार्म भरने में किसी तरह की तकनीकी या अन्य परेशानी आने पर विद्यार्थी अपने संबंधित कॉलेज या संस्थान के प्राचार्य अथवा निदेशक से संपर्क कर सकेंगे।
वार्षिक प्रणाली की पूरक परीक्षाएं
एचपीयू की वार्षिक प्रणाली के तहत बीए, बीएससी, बीकॉम और शास्त्री के प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की पूरक परीक्षाएं सितंबर-अक्तूबर में प्रस्तावित हैं। इसके साथ सीडीओई के जनवरी बैच की वार्षिक परीक्षाएं भी इसी अवधि में संभावित हैं। इन परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 22 सितंबर निर्धारित की गई थी। विश्वविद्यालय ने संबंधित संस्थानों को परीक्षा प्रक्रिया में केवल पात्र विद्यार्थियों को शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
कॉलेजों को सत्यापन की जिम्मेदारी
विश्वविद्यालय ने संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों और सीडीओई निदेशक को परीक्षा फार्म की पात्रता जांचने के निर्देश दिए हैं। अपात्र विद्यार्थी का फार्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीडीओई के लिए विश्वविद्यालय ने कॉलेज आईडी में उपलब्ध एडमिशन अप्रूवल फॉर एग्जाम फॉर्म फिलिंग सुविधा के जरिए पात्रता सुनिश्चित करने को कहा है। इससे परीक्षा प्रक्रिया में केवल निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले विद्यार्थी ही शामिल हो सकेंगे।