हिमाचल माैसम: मानसून की विदाई का काउंटडाउन शुरू; प्रदेश में सामान्य से 11 फीसदी कम बरसे बादल
दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का काउंटडाउन शुरू हो गया है। इस बार मानसून सीजन में प्रदेश में सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश हुई। हालांकि, पांच जिलों शिमला, बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू और सिरमौर में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का काउंटडाउन शुरू हो गया है। अगले दो दिन में प्रदेश से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने के आसार हैं। इस बार मानसून सीजन में प्रदेश में सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश हुई। हालांकि, पांच जिलों शिमला, बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू और सिरमौर में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। बुधवार को शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर धूप खिली रही। मैदानी जिलों में गर्मी का असर फिर बढ़ने लगा है। हिमाचल में मानसून ने इस साल 20 जून को दस्तक दी थी। 20 जून से 30 सितंबर तक प्रदेश में कुल 652 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 733 मिलीमीटर मानी जाती है।
किस जिले में कितनी बारिश
इस तरह मानसून सीजन में बारिश सामान्य से 11 फीसदी कम रही। हालांकि जिलेवार आंकड़ों में बारिश का अलग-अलग असर देखने को मिला। लाहौल-स्पीति में सामान्य से 65 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई। चंबा में 34, मंडी में 16, सोलन में 14, ऊना में सात और कांगड़ा में चार फीसदी कम बारिश हुई। इसके विपरीत किन्नौर में सामान्य से 18 फीसदी, शिमला में 16, बिलासपुर में सात, सिरमौर में छह और कुल्लू में चार फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई।
इस दिन से फिर बिगड़ेगा माैसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 4 अक्तूबर तक प्रदेश के मैदानी, निचले पहाड़ी, मध्य पहाड़ी और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मानसून की विदाई के बीच 5 और 6 अक्तूबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन दोनों दिन मैदानी, निचले पहाड़ी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है। ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उधर, बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप निकलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी महसूस की गई। खासकर मैदानी जिलों में दोपहर के समय गर्मी का असर बढ़ा। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी हुई है।
कहां कितना अधिकतम तापमान
ऊना 33.2
भुंतर 32.2
बिलासपुर 30.5
कांगड़ा 30.4
मंडी 30.4
चंबा 29.1
सोलन 27.5
धर्मशाला 27.1
नाहन 26.7
शिमला 25.0
मनाली 24.6