Himachal News : एनएचएआई के अधिकारियों के खिलाफ तीन एफआईआर, ये हैं आरोप; विस्तार से जानें
एनएचएआई के अधिकारियों से मारपीट के मामले में पहले एनएचएआई अधिकारी अचल जिंदल की शिकायत पर पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के खिलाफ मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की गई थी, वहीं अब पुलिस ने एनएचएआई के अधिकारियों के खिलाफ भी तीन एफआईआर दर्ज हुई हैं।
विस्तार
एनएचएआई के अधिकारियों से मारपीट के मामले में मंत्री के खिलाफ एफआईआर के बाद एनएचएआई के अधिकारियों के खिलाफ तीन एफआईआर हुई हैं। इसमें स्थानीय लोगों ने एनएचएआई के प्रबंधक और इंजीनियर के खिलाफ अभद्रता करने और रास्ता रोकने के आरोप लगाए गए हैं। पहली एफआईआर में निहाल ठाकुर निवासी शांडिल निवास कमलानगर ने बताया कि 29 जून को क्षेत्र में भारी बारिश होने के कारण फोरलेन के साथ लगते क्षेत्र में जगह-जगह भूस्खलन हुआ था। इससे लोगों के घर और जमीन को काफी नुकसान पहुंचा। इसको देखते हुए 30 जून को स्थानीय लोग, एसडीएम ग्रामीण और स्थानीय विधायक मौके पर मौजूद थे।
इस दौरान एनएचएआई के प्रबंधक अचल जिंदल और साइट इंजीनियर योगेश भी मौके पर आए। इस दौरान लोगों ने एनएचएआई के अधिकारियों को बताया कि लोगों ने एक साल पहले ही उन्हें अवगत करवाया था कि लोगों की जमीन और घर के समीप डंगे लगाए, जिससे नुकसान न हो। इसी वजह से लोगों बहुमंजिला मकान ध्वस्त हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान एनएचएआई के अधिकारियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और रास्ता रोककर धक्कामुक्की भी की। इसी तरह से एक अन्य मामले में भी स्थानीय लोगों ने एनएचएआई के दोनों अधिकारियों के खिलाफ अभद्रता और रास्ता रोकने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ढली पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एनएचएआई और कंपनी की लापरवाही से मकानों को पहुंचा नुकसान
तीसरी एफआईआर में भट्ठाकुफर की माठु कॉलोनी में रहने वाले स्थानीय बाशिंदों ने एनएचएआई के अधिकारियों और कंपनी के खिलाफ एफआईआर करवाई है। लोगों ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण और कंपनी की लापरवाही के कारण रंजना वर्मा का बहुमंजिला मकान ढह गया है, तो वहीं कई मकान असुरक्षित घोषित कर दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद फोरलेन के लिए कटिंग का काम नहीं रुका गया, जिस वजह से यह वाकया पेश आया है। भट्ठाकुफर की माठु काॅलोनी में बहुमंजिला भवन गिरने के बाद उपजे विवाद के बाद अभी तक इस मामले में पांच एफआईआर हो चुकी हैं।