फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Hamirpur (Himachal) News ›   xray machine not working. patient distrubed

सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड के बाद अब एक्सरे मशीन भी हुई खराब

Fri, 19 Feb 2021 11:50 PM IST
Shimla	 Bureau शिमला ब्यूरो
Updated Fri, 19 Feb 2021 11:50 PM IST
विज्ञापन
xray machine not working. patient distrubed
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के बाहर 11 बजकर 45 मिनट पर एक्सरे करवाने के लिए मौजूद लोग। - फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर का रेडियोलॉजी विभाग बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। मरीजों की समस्याएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही हैं, लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। अब मेडिकल कॉलेज की एकमात्र एक्सरे मशीन खराब हो गई है। जबकि, सीटी स्कैन मशीन अक्तूबर और अल्ट्रासाउंड मशीन 19 दिसंबर 2020 से खराब पड़ी है। अमर उजाला की टीम शुक्रवार को अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंची तो कई खामियां उजागर हुईं।
विज्ञापन

दिन: शुक्रवार, समय: सुबह 11 बजकर 30 मिनट। मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी भवन के गेट के पास आठ लोग खड़े हैं। काउंटर पर दो महिलाएं और एक पुरुष एक्सरे के बारे में पूछ रहे हैं। जबकि, बैंच पर छह लोग बैठे हुए हैं। काउंटर पर खड़े तीन लोगों में एक टीबी रोगी है, जिसकी छाती का एक्सरे अंदर निशुल्क होना था, लेकिन एक्सरे मशीन खराब होने के चलते उसे मना कर दिया। निजी लैब में करीब 400 रुपये भुगतान कर एक्सरे करवाना पड़ा।
विज्ञापन

11:55 पर एक महिला को व्हील चेयर पर एक्सरे करवाने लाया गया, लेकिन इतनी दूर व्हील चेयर पर लाने के बावजूद यहां एक्सरे नहीं हुआ। तीमारदारों ने निराश होकर अस्पताल प्रशासन और सरकार को खूब कोसा। 12 बजे वह महिला को बाहरी निजी लैब की ओर ले गए। बीपीएल और सीनियर सिटीजन के अलावा अस्पताल में दाखिल हेल्थ कार्ड धारकों को भी निशुल्क एक्सरे की सुविधा नहीं मिल रही। एक्सरे के लिए निजी लैब में 200 रुपये वसूले जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

छाती का एक्सरे करवाना था, पर मशीन खराब : बेबी
सुबह 11:35 बजे बिझड़ी के महारल गांव की बेबी कुमारी अपने रिश्तेदारों के साथ रेडियोलॉजी के काउंटर पर खड़ी है। एक्सरे मशीन खराब होने के चलते चिंतित है। छाती का एक्सरे करवाना है, जो सरकारी लैब में निशुल्क होना है, लेकिन यहां पर मशीन खराब होने की बात कह दी गई। 11:37 पर निजी लैब की ओर रुख किया।
तकलीफ ज्यादा थी तो निजी लैब में ही करवा लिया एक्सरे : तिलक
सुबह 11 बजकर 39 मिनट पर डिडवीं टिक्कर निवासी तिलक राज बाहर से आए और हाथ में एक्सरे पकड़ा था। पूछने पर बताया कि बीपीएल में हैं पर, अंदर मशीन खराब होने के कारण बाहर पैर का एक्सरे करवाकर आए। चोट लगने के बाद तकलीफ ज्यादा थी तो निजी लैब में ही पैर का एक्सरे करवा लिया। जबकि, सरकारी लैब में बीपीएल में होने के चलते यह एक्सरे निशुल्क होना था।
मेरी पिट्ठी पीड लगीदी पर एक्सरे नी हो दा : गुड्डो
सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर डूहक की गुड्डो देवी सिर पर हाथ रखकर एक्सरे रूम के बाहर बेंच पर बैठी हैं। इनसे पूछा गया तो पहाड़ी भाषा में बताया कि.. मेरी पिट्ठी पीड़ लगीदी पर एक्सरे नी हो दा... कुराई दोआ। इस पर अमर उजाला की टीम ने बताया कि मशीन खराब है और आपको निजी लैब में एक्सरे करवाना पड़ेगा। तब महिला ने बोला कि बाहर तां पैसे मते लगने..इतने पैसे हन नी, घरो ही चली पौंदे। महिला वहीं बैठी रही और बिना एक्सरे करवाए घर जाने की बात कह रही थी। महिला ने बताया कि वह गरीब परिवार से संबंध रखती है और उसक पति भी बीमार रहता है।
वरिष्ठ नागरिक होने के बावजूद नहीं मिली निशुल्क सुविधा : जोगिंद्र
समय 11:50 कनकरी के वरिष्ठ नागरिक जोगिंद्र सिंह हाथ में वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली लाल प्रिंट की पर्ची लेकर एक्सरे कराने पहुंचे। यहां पर पता लगा कि मशीन खराब है। निजी लैब में ही एक्सरे करवाओ। इस पर जोगिंद्र सिंह ने कहा कि पहले वह चिकित्सक को पूछेंगे कि क्या निजी लैब का एक्सरे मान्य होगा। जोगिंद्र 11:52 पर चिकित्सक के पास चले गए। कहा कि वरिष्ठ नागरिक होने के बावजूद निशुल्क जांच की सुविधा नहीं मिल रही है।

अस्पताल में शीघ्र नई मशीनें लगा दी जाएंगी
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि मशीनें पुरानी होने के चलते दिक्कत आ रही है। मेडिकल कॉलेज के लिए दो एक्सरे मशीनें और तीन अल्ट्रासाउंड मशीनों के लिए आर्डर दे दिया गया है। जल्द ही अस्पताल में नई मशीनें स्थापित की जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed