हमीरपुर। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और राष्ट्रीय फेडरेशनों के आह्वान पर सीटू जिला कमेटी के बैनर तले जिलाभर में दूसरे दिन भी मजदूर, कर्मचारी और कामगार हड़ताल पर रहे। चार लेबर कोड को वापस लेने, सार्वजनिक क्षेत्र के विनिवेश व निजीकरण, ओल्ड पेंशन स्कीम बहाली, आउटसोर्स नीति बनाने, छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने सहित अन्य मांगों के लिए इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हजारों मजदूरों, कामगारों व कर्मचारियों ने भाग लिया। मंगलवार को मजदूरों ने मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ गांवों में रैली निकालकर नारेबाजी की। सीटू के संयुक्त सचिव सुरेश कुुमार राठौर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पूंजीपतियों के हित में कार्य कर रही है और मजदूर विरोधी निर्णय ले रही है। पिछले सौ साल में बने 44 श्रम कानूनों को खत्म करके मजदूर विरोधी चार श्रम संहिताएं अथवा लेबर कोड बनाना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
उधर, अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संगठन के आह्वान पर भारतीय जीवन बीमा निगम की शाखा प्रथम एवं द्वितीय के कर्मचारियों और पूर्व कर्मचारी एसोसिएशन ने मिलकर संयुक्त रूप से केंद्र सरकार के विरुद्ध दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन के साथ जमकर नारेबाजी की। शाखा सचिव शमशेर सिंह ठाकुर एवं संयुक्त सचिव विकास राणा ने कहा कि एलआईसी में आने वाले आईपीओ, एफडीआई, पेंशन बहाली और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती के पक्ष में केंद्र सरकार के विरुद्ध दूसरे दिन भी जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर भारतीय जीवन बीमा निगम कर्मचारी संगठन के सभी सदस्य मौजूद रहे। डाक विभाग के कर्मचारियों ने भी मुख्य डाकघर हमीरपुर के बाहर प्रदर्शन किया।