भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के भरेड़ी में बुधवार को पेयजल समस्या को लेकर विधायक सुरेश कुमार का ग्रामीणों ने घेराव किया। बरसात के बाद भरेड़ी बाजार में पेयजल समस्या बनी हुई है। भरेड़ी बाजार में पिछले दो सप्ताह से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही। भोरंज के विधायक ने ग्रामीणों को कहा कि कम वोल्टेज व पाइप फटने से पेयजल समस्या बनी हुई है। फिर भी जल शक्ति विभाग पेयजल समस्या का समाधान करने में जुटा है। उन्होंने लोगों को धैर्य रखने को कहा और शीघ्र समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
जल शक्ति विभाग भोरंज के सहायक अभियंता आशीष देव ने भी ग्रामीणों को प्रोजेक्ट में पेश आ रही बिजली वोल्टेज की समस्या के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान किया जा रहा है। इस मौके पर पपलाह पंचायत प्रधान अंकुश सैणी, उपप्रधान अनूप शर्मा, मनोहर लाल शर्मा, कल्पना शर्मा, विपिन चौधरी, चंदन जैलदार, अतुल कड़ोहता, राकेश गोल्डी, एसएचओ मस्त राम नायक, कैप्टन ईश्वर दास व जलशक्ति विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।