भोरंज(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के बस्सी में मनोह सड़क पर जाम लगना आम बात हो गई है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को दिककतों का सामना करना पड़ रहा है। बस्सी चौक से पुरानी तहसील तक सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन और भवन निर्माण की सामग्री जो कई दिनों से सड़क किनारे पड़ी है, के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
शुक्रवार को भी विकास खंड कार्यालय भोरंज से लेकर मिनी सचिवालय भोरंज तक आधा घंटा जाम लगा रहा। इससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि दिन में कई बार जाम लगा रहता है। इससे कई बार तो पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। क्षेत्र के लोगों में राजीव, संजय, विजय, कमलजीत, सुंदर, गरीब दास, विपिन कुमार, राजवीर, श्याम, विश्वजीत, मान चंद, दिनेश, अजय ने मांग की है शीघ्र बस्सी बाजार को जाम से मुक्ति दिलवाई जाए। एसएचओ सूरम सिंह ने कहा कि बेतरतीब खड़े वाहनों के चालान काटे जाएंगे।