बस अड्डा हमीरपुर में कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक में की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच हमीरपुर की बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष अजमेर ठाकुर की अध्यक्षता में बस अड्डा हमीरपुर में आयोजित हुई। इसमेंं आपदा के कारण मौत का शिकार बने लोगों के प्रति मंच ने संवेदनाएं प्रकट कीं और दो मिनट तक मौन रख गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार व निगम प्रबंधन पेंशनरों के वित्तीय लाभ नहीं दे रही है और न ही पेंशन समय पर दी जा रही है। इसलिए हमीरपुर के सभी परिवहन पेंशनर सात अगस्त को हमीरपुर में रोष मार्च निकालकर धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के सभी पेंशनरों से रैली को सफल बनाने के लिए आग्रह किया। कहा कि रोष मार्च बस स्टैंड से पुलिस चौकी से थाना सदर होकर बाजार में निकाला जाएगा और गांधी चौक पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से प्रदेश मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में ओम प्रकाश, नंदलाल, वलदेब, सुखदेव, रघुनाथ, राम लाल, कुलवंत पवन सहित अन्य पेंशनर उपस्थित रहे।