नादौन (हमीरपुर)। एसडीएम कार्यालय नादौन के पीछे की ओर शनिवार देर रात बाद व्यास नदी किनारे सड़क पर एक चलते टेंपो में अचानक आग लग गई। चालक ने छलांग लगा कर अपनी जान बचाई। वह घायल भी हो गया। वहीं, आग लगने से टेंपो जलकर राख हो गया। टेंपो मालिक दीपक सोंधी निवासी वार्ड तीन ने कहा कि शनिवार रात करीब 12 बजे जब वह किसी काम से टेंपो लेकर पत्तन बाजार से गुरुद्वारा की ओर जाने वाली संपर्क सड़क पर जा रहे थे। चौक के निकट उतराई पर अचानक टेंपो में आग लग गई।
सोंधी ने कहा कि उसने टेंपो को पास ही डांक के साथ टकरा दिया और बाहर की ओर छलांग लगा दी। इसी दौरान धमाके के साथ आग और प्रबल हो गई। उसने तुरंत बाद अग्निशमन विभाग को फोन किया, परंतु जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, टेंपो पूरी तरह जल चुका था। बताया जा राह है कि आग शार्ट सर्किट होने के कारण लगी। वहीं, घायल दीपक का नादौन अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी नादौन योगराज चंदेल ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।