Hamirpur: खंदेहड़ा गांव में बिजली गिरने से स्लेटपोश मकान जला, प्रभावित परिवार सुरक्षित
हमीरपुर जिले के बमसन तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत नाडसी के खंदेहड़ा गांव में गुरुवार को बिजली गिरने के कारण स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में बीती रात आए अंधड़ ने जमकर कहर मचाया। कई क्षेत्रों में बिजली सेवा बाधित रही। जिससे हमीरपुर शहर के लिए करीब चार लाख लीटर कम पानी लिफ्ट हुआ है। वहीं शहर के कई भागों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। बमसन तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत नाड़सी के खंदेहड़ा गांव में स्लेटपोश मकान पर बिजली गिरी। इस दौरान मकान की ऊपरी मंजिल में रखा सामान जलकर राख हो गया। जिससे पीड़ित कुलदीप सिंह पुत्र जयकरण को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित के मुताबिक वीरवार रात 11 बजे बिजली गिर गई। परिवार सोया हुआ था, ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उन्हें घर से सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान घर का सारा सामान जल गया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया और अन्य घरों को जलने से बचा लिया। शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान सुनील कुमार ने प्रशासन को अवगत करवाया। नायब तहसीलदार देशराज कटवाल, कानूनगो राकेश कुमार ने मौके का मुआयना किया। प्रभावित परिवार को 10,000 रुपये की फौरी सहायता राशि प्रदान कर दी है।
बिजली बोर्ड को हुआ चार लाख का नुकसान
बीती रात बारिश के बीच अंधड़ से कई क्षेत्रों की बिजली सेवा गुल हो गई। करीब 70 से अधिक ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए। हमीरपुर में 20, बड़सर में 30 और नादौन में करीब 20 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। बिजली बोर्ड को करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कई जगह बिजली के तार जबकि हमीरपुर में बिजली के तीन पोल भी टूटे गए। इस दौरान लोगों को बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। हालांकि सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड के कर्मियों ने सेवाओं को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया। शुक्रवार शाम तक अधिकतर क्षेत्रों की बिजली सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।
गेहूं की फसल भी भीगी, किसान परेशान
बीती रात हुई बारिश में जिला के कई भागों में कटी गेहूं की फसल भी भीग गई। हालांकि कई किसानों ने समय रहते गेहूं की फसल को तिरपाल से ढक दिया। कृषि विभाग के मुताबिक 70 फीसदी किसानों ने गेहूं की फसल की थ्रेसिंग कर ली है। जिला में करीब 29 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की फसल होती है। बारिश के कारण किसान परेशान हैं। वहीं बागवानी विभाग के मुताबिक बागवानी क्षेत्र में अंधड़ से कोई नुकसान नहीं हुआ है।
अंधड़ के कारण हमीरपुर जिले में 70 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए। कई जगह बिजली तार टूट गए। करीब चार लाख रुपये का नुकसान बोर्ड को हुआ है। अधिकतर क्षेत्रों में बिजली सेवा बहाल कर दी गई है।-आशीष कपूर, एसई, बिजली बोर्ड हमीरपुर
जिला में 70 फीसदी से अधिक किसानों ने गेहूं की फसल की थ्रेसिंग कर ली है। नुकसान की रिपोर्ट मंगवाई जा रही है।-राजेश राणा, जिला कृषि अधिकारी
गत रात्रि को बारिश और अंधड़ से जिला में बागवानी क्षेत्र में नुकसान रिपोर्ट नहीं हुआ है।-राजेश्वर परमार, उपनिदेशक, बागवानी विभाग हमीरपुर