हमीरपुर। जिला स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी कल्याण संघ हमीरपुर की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को जिला प्रधान नरेश शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें संघ की मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई गई। सरकार से स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड का गठन करने, बैकलॉग शीघ्र भरने, गृह कर माफ करने, पंजाब की तर्ज पर प्रति माह 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने, दाड़ी में प्रस्तावित स्वतंत्रता सेनानी शहीद स्मारक का शीघ्र निर्माण करने की मांग उठाई।
इसके साथ ही नौकरियों में चार फीसदी आरक्षण, स्वतंत्रता सेनानी परिवार का सम्मेलन बुलाने, स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने और सजरा नसल बनाने, उत्तराखंड सरकार की तर्ज पर स्वतंत्रता सेनानी के परिवारों को पेंशन देने, दोहते और दोहतियों को नौकरी में आरक्षण, 26 जनवरी और 15 अगस्त राष्ट्रीय आयोजनों के दौरान स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को सम्मानित करने और पंजाब सरकार की तर्ज पर स्वतंत्रता सेनानी व उनके आश्रितों को निशुल्क बस सुविधा प्रदान करने की मांग की गई। संघ ने मांग पत्र उपायुक्त हमीरपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भेजा। इस मौके पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम लाल कालिया, अशोक कंवर, राम सिंह ठाकुर, सुरेष्ठा, मोहिनी, रमेश कौशल, रोहित शर्मा, कश्मीर सिंह, सुषमा दत्याल, शिवराज पटियाल और राजीव कंवर समेत अन्य मौजूद रहे।