फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Clouds burst at two places in Himachal 5 icebergs fell one dead two missing due to heavy rain and snowfall

Himachal Weather: हिमाचल में दो जगह बादल फटे, 5 हिमखंड गिरे, भारी बारिश-बर्फबारी से एक की मौत, दो लापता

Fri, 28 Feb 2025 10:23 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो/शिमला/धर्मशाला।
अमर उजाला ब्यूरो/शिमला/धर्मशाला। Published by: अंकेश डोगरा Updated Fri, 28 Feb 2025 10:23 PM IST
सार

Himachal Ka Mausam: हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को दो जगह बादल फटे। भूस्खलन-बाढ़ से अलग-अलग जगह 22 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं, पांच एनएच समेत हिमाचल में 583 सड़कें बंद हो गई हैं।

विज्ञापन
Clouds burst at two places in Himachal 5 icebergs fell one dead two missing due to heavy rain and snowfall
कुल्लू के गांधीनगर में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ के मलबे में दबे वाहन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

हिमाचल में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच शुक्रवार को कुल्लू के पाहनाला और कांगड़ा के छोटा भंगाल के मुल्थान में बादल फटे। भारी बारिश-बर्फबारी के चलते पंजाब के पर्यटक की मौत हो गई है, जबकि दो लोग लापता और तीन घायल हैं। पिछले 48 घंटों से बारिश-बर्फबारी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भूस्खलन-बाढ़ से अलग-अलग जगह 22 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। चंबा, लाहौल और किन्नौर में पांच जगह हिमखंड गिरे हैं। हिमखंड गिरने से लाहौल में चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया। पांच एनएच समेत हिमाचल में 583 सड़कें बंद हो गई हैं। एचआरटीसी के 450 रूट फेल हो गए, जबकि 2,263 बिजली ट्रांसफार्मर और 279 पेयजल योजनाएं ठप हैं।

विज्ञापन


कुल्लू के पाहनाला में बादल फटने से आई बाढ़-मलबे में आठ वाहन दब गए। कांगड़ा के मुल्थान में बादल फटने से नौ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कुल्लू, शिमला और कांगड़ा की सभी हवाई उड़ानें रद्द हो गईं हैं। मनाली में एक फीट बर्फबारी हुई है। शुक्रवार को लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, मंडी और सिरमौर के कई क्षेत्रों में बर्फबारी और राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहा। खराब मौसम के चलते कुल्लू, चंबा, लाहौल-स्पीति व करसोग में शुक्रवार को शिक्षण संस्थान बंद रहे।
विज्ञापन




शनिवार को भी कुल्लू, पांगी, लाहौल, किन्नौर समेत कुछ जिलों के शिक्षण संस्थानों में छुट्टी कर दी गई है। केंद्रीय विद्यालय जाखू शिमला और जतोग में शनिवार को प्राइमरी की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। लाहौल-स्पीति में पीरपंजाल की चोटी से जोबरंग के समीप दारा फाल में हिमखंड आने से चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया। तांदी संगम के पास तुपचिलिंग नाले में भी हिमखंड गिरा है। बर्फबारी के बीच देर रात लाहौल के मूलिंग गांव के युवाओं ने हिमखंड गिरने से रास्ते में फंसे कालका व दिल्ली के दो पर्यटकों को रेस्क्यू किया है। लाहौल-स्पीति में सभी सड़कें बंद और बिजली गुल है।



चंबा के पांगी घाटी के कुकरोलू में हिमखंड की चपेट में आने से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हिमखंड की जद में आने से तीन लोग बह गए, जिन्हें बचा लिया गया। चबां-सलूणी लंगेरा मार्ग पर कार फिसलकर ढांक में गिरने से सुखविंद्र सिंह पुत्र महेंद्र सिंह गांव कांगपो धारीवाल गुरदासपुर (पंजाब) की मौत हो गई। मंडी के बनाला में निजी बस पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए।



कुल्लू में 900 से अधिक बिजली ट्रांसफार्मर बंद हैं। गांधीनगर के नाले में बाढ़ से तीन वाहन मलबे में दब गए। खराहल के माहिश में पहाड़ी से कैंपर पर पत्थर गिरे। सरवरी में मलबे की चपेट में आने से एक कार कुछ दूरी तक बह गई। मनाली में पेड़ गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। सरवरी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से पार्किंग में चार वाहन जलमग्न हो गए। किन्नौर में 126 सड़कें, 433 ट्रांसफार्मर बंद हैं। छोटा भंगाल के मुल्थान में बादल फटने से 12 घर खतरे की जद में आ गए हैं। इन घरों में रहने वाले लोगों को अन्य जगह शिफ्ट कर दिया।



पालमपुर के जिया स्थित हाइड्रो प्रोजेक्ट में भूस्खलन से एक कर्मचारी घायल हो गया, एक लापता है। चूड़धार में भारी बर्फबारी के बीच हरियाणा का एक व्यक्ति ट्रैकिंग के दौरान लापता हो गया। उसके साथी को रेस्क्यू कर लिया गया। भारी बारिश से प्रदेश में नदी-नाले उफान पर रहे। धर्मशाला के समीप खनियारा की मनूनी खड्ड के बीच तीन टिपर, दो जेसीबी और एक पोकलेन तेज बहाव में फंस गई। गगल के साथ लगती मांझी खड्ड में एक पोकलेन मशीन बह गई। भरमौर-बडग्रां मार्ग पर पलानी और मांदा नाला में अचानक पहाड़ी से हिमखंड गिरे। भरमौर-पठानकोट हाईवे खड़ामुख से आगे बाधित रहा।

विज्ञापन



कहां- कितनी बर्फबारी? सेंटीमीटर में

 
रोहतांग दर्रा 150
नार्थ पोर्टल 115
कोकसर 110
सिस्सू 110
साउथ पोर्टल 105
केलांग 100
उदयपुर 90
जाहलमा 90
दारचा 80
छितकुल 60
सांगला 45
कल्पा  30
मनाली  30

कहां कितनी बारिश? मिलीमीटर में
 
भुंतर  173
शिमला 117
सेऊबाग 116
कांगड़ा 108
पालमपुर 99
चंबा 97
मंडी 88
सोलन  74
कुफरी 59
धर्मशाला 40
ऊना 40
बिलासपुर 24
नाहन  23

यह एनएच रहे बंद
मनाली-लेह, आनी-कुल्लू, शिमला-रामपुर, भरमौर-पठानकोट, ठियोग-हाटकोटी

आज बारिश-बर्फबारी से मिलेगी राहत, कुछ क्षेत्रों में ही मौसम खराब
हिमाचल में शनिवार को बारिश-बर्फबारी से राहत मिलने के आसार हैं। ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। दो मार्च को पूरे प्रदेश में धूप खिलने की संभावना है। तीन और चार मार्च को मौसम के फिर बिगड़ने के आसार हैं। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में दस डिग्री की कमी दर्ज हुई।

फरवरी में सामान्य से 15 फीसदी अधिक बरसे बादल
फरवरी में प्रदेश में सामान्य से 15 फीसदी अधिक बारिश हुई। बीते बुधवार तक प्रदेश में सामान्य से 40 फीसदी कम बारिश हुई थी। दो दिनों के दौरान हुई बारिश ने फरवरी की औसत बारिश में सुधार ला दिया है। फरवरी में 117 मिलीमीटर बारिश हुई। 101 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है।

नदी-खड्डों के किनारे ना जाएं लोग
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में कई दिनों बाद अच्छी बारिश हुई है। लाहौल-स्पीति, कुल्लू और किन्नौर में भारी बर्फबारी हुई है। बिजली परियोजनाओं के डैम भरने के चलते कुछ गेट खोलने पड़े हैं। ऐसे में लोग नदी और खड्डों के किनारे न जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के उपायुक्तों से संपर्क बनाए हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed