चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में वायरल फीवर की चपेट में आने वाले बच्चों की संख्या में वृद्धि हो रही है। पिछले सात दिन में मेडिकल कॉलेज के शिशु वार्ड में सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित 35 बच्चे भर्ती हुए हैं। सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित रोजाना आठ से दस बच्चे उपचार के लिए भर्ती हो रहे हैं। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण बच्चों की सेहत पर असर पड़ रहा है। इसके चलते विशेषज्ञ बच्चों के अभिभावकों को उनकी देखभाल करने के लिए जरूरी परामर्श भी दे रहे हैं। बाल रोग वार्ड मौजूदा समय में वायरल फीवर की बीमारी से ग्रसित बच्चों से भरा हुआ है। इसमें उपचार के बाद रोजाना बच्चों को अस्पताल से छुट्टी भी दी जा रही है। साथ ही रोजाना वार्ड में बच्चे भर्ती भी हो रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से वार्ड स्टाफ को बच्चों की देखभाल करने के लिए विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं।
सर्दी-जुकाम से पीड़ित बच्चों को सुबह-शाम भाप लेने के लिए नेबुलाइजर मशीन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विशेषज्ञ भी दिन में दो बार बच्चों की सेहत का जायजा ले रहे हैं। रात को भी यदि किसी बच्चे की सेहत ज्यादा खराब होती है तो विशेषज्ञ अपने आवास से बच्चे की जांच करने के लिए रात को अस्पताल पहुंच रहे हैं। चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि सर्दी-जुकाम और बुखार से ग्रसित बच्चों के इलाज को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।