सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी में 15 लाख की लागत से प्राथमिक स्कूल खरोटी का नया भवन बनेगा। पिछले सात साल से यह स्कूल निजी भवन में चल रहा है। इससे बच्चों और अध्यापकों को काफी परेशानी होती है। इसी समस्या का निदान करने के लिए एनएचपीसी सुरंगानी ने सामाजिक उतरदायित्व योजना के तहत पाठशाला का नया भवन बनाने के लिए 15 लाख की धनराशि स्वीकृत की। इसमें छह लाख की धनराशि एनएचपीसी ने जारी भी कर दी है। पंचायत अब शीघ्र भवन का निर्माण कार्य शुरू करवाएगी। इसके बाद बच्चों और अध्यापकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
वार्ड सदस्य शीला देवी सहित ग्रामीणों बिंता देवी, सुरेंद्र कुमार, आदित्य कुमार, शिव राम और खराती लाल ने बताया कि सात साल पहले सरकार ने खरोटी पंचायत में प्राथमिक पाठशाला खोली थी लेकिन, पाठशाला को खुद का भवन नसीब नहीं हो पाया था। पंचायत प्रधान शांति देवी ने बताया कि स्कूल का नया भवन बनने से बच्चों और अध्यापकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी। खंड विकास अधिकारी कनवर सिंह ने बताया कि प्राथमिक स्कूल खरोटी का नया भवन एनएचपीसी की तरफ से उपलब्ध करवाई गई धनराशि से बनाया जा रहा है।