सिहुंता (चंबा)। सिहुंता तहसील के तहत आने वाली सिहुंता, धन्हौटा, कामला, समोट और रजैं में किसानों की मेहनत पर बारिश ने पानी फेर दिया है। बारिश से कटाई के लिए पक कर तैयार गेहूं की फसल अब काली पड़नी शुरू हो गई है। वहीं, खेतों में काटने के बाद ढककर रखी गेहूं के दाने फूलने शुरू हो गए हैं। किसानों के मुताबिक कई जगह बारिश और तेज हवा के चलते खेतों में ही गेहूं की फसल बिछने से भी फसल के सड़ने की चिंता किसानों को सता रही है। किसानों का कहना है कि यही आलम चलता रहा तो आने वाले समय में उन्हें खेतों में गेहूं की बिजाई से पीछे हटना पड़ेगा।
किसानों करनैल सिंह, महिंद्र सिंह, चमन लाल, गगन सिंह, अशोक कुमार, मदन लाल, देसराज, बाबू राम, कुलभूषण उपमन्यु आदि ने बताया कि सिहुंता तहसील के तहत आने वाले परिक्षेत्र में किसान गेहूं और धान की पैदावार करके ही अपने परिवारों का भरण-पोषण करते हैं। लेकिन, हर बार किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। गेहूं की बिजाई के समय बारिश नहीं हुई। इसके बाद कड़ी मेहनत के बाद खेतों में गेहूं की बिजाई करने के बाद अब उसकी कटाई का समय आया तो बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। खेतों में बारिश और हवा के कारण गेहूं की फसल बिछ गई है। लावारिश मवेशियों और जंगली शुअरों से जैसे-तैसे फसल बचाते हुए बारिश में भी किसानों को खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। अब बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।