साहो (चंबा)। कीड़ी पंचायत के लग्गा और पद्धरूई मुहालों के लग्गा, दली, लाठुई, बिलगड़, गलू, शकला, घसीटी, परैछा, ओसल, पद्धरूई समेत अन्य गांवों में चार दिन से अंधेरा पसरा हुआ है। 25 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर जलने से ये नौबत पेश आई है। बिजली गुल होने से विशेषकर वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार सदर विधायक नीरज नैयर और विद्युत बोर्ड प्रबंधन से गांव में 50 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए आवाज उठा चुके हैं। बावजूद इसके अभी तक उनकी मांग पूरा नहीं की जा सकी है। अब क्षेत्र में स्थापित 25 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर भी जल गया है। इससे ग्रामीण अंधेरे में ही गुजर-बसर करने को विवश हैं। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर जले हुए ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया ट्रांसफार्मर स्थापित करवाकर लोगों को राहत देने की मांग की है। ग्रामीणों बलि राज, पवन कुमार, मोहिंद्र कुमार, राम सिंह, बासुदेव, भान सिंह, भुवनेश्वर, राज कुमार, ठाकुर सिंह, मान सिंह, आसो राम आदि ने बताया कि पद्धरूई पंचायत के दो दर्जन गांवों में बीते चार दिन से बिजली सप्लाई बंद है। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मूसलाधार बारिश के चलते ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई है। जल्द इसे सुचारु करवाकर लोगों को राहत प्रदान की जाएगी।