{"_id":"b4a175212e52ba76b1ab796529289919","slug":"panchyat-election-hindi-news-51","type":"story","status":"publish","title_hn":"बकाण में आसान नहीं कांग्रेस की राह, पहले दिन पांच ने ठोकी ताल ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बकाण में आसान नहीं कांग्रेस की राह, पहले दिन पांच ने ठोकी ताल
ब्यूरो/ अमर उजाला, चंबा
Updated Tue, 15 Dec 2015 07:03 PM IST
विज्ञापन
वनमंत्री के बेटे और जिलापरिषद अध्यक्ष अमित भरमौरी के लिए बकाण से चुनाव लड़ना आसान नहीं होगा। उनके ऐलान के बाद उम्मीद लगाई जा रही थी कि कार्यकर्ता चुनाव से हट जाएंगे मगर नामांकन के पहले ही दिन पांच उम्मीदवारों ने बकाण वार्ड से ताल ठोककर इस संशय पर लगाम कस दी है। अभी तक नामांकन को दो दिन शेष हैं। इनमें यह आंकड़ा कहीं आगे निकल सकता है।
विज्ञापन
अमित के मैदान में उतरने के बाद यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होने की उम्मीद थी लेकिन पंचायत चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने से कोई पीछे हटने को तैयार नहीं है। जिन लोगों ने नामांकन दाखिल किए हैं उनके दोनों ही राजनीतिक पार्टियों से नजदीकी संबंध हैं।
विज्ञापन
चंबा जिला में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में 14 जिलापरिषद की सीटों के चुनाव होने हैं। जिनके लिए मंगलवार को पहले दिन 12 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। इन 12 में से पांच अकेले बकाण वार्ड से हैं।
विज्ञापन
गौरतलब है कि पूर्व में अमित भरमौरी ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था, जिसके बाद कांग्रेस के बहुत से कार्यकर्ता इस वार्ड में सक्रिय हो गए थे और जिलापरिषद के लिए लोगों में अपनी पैठ बनाने में लगे थे लेकिन भरमौर में बीडीसी चुनाव परिणाम आने के बाद अमित भरमौरी ने दोबारा इसी वार्ड से चुनाव लड़ने का फैसला किया। इससे कई कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। अनुमान लगाया जा रहा था अमित भरमौरी के लिए यह सभी लोग निष्ठा दिखाते हुए मैदान छोड़ देंगे लेकिन पहले दिन दर्ज हुए नामांकन से ऐसा होता संभव नहीं लग रहा है। हालांकि नाम वापस लेने और चुनाव चिन्ह आवंटित होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से साफ हो पाएगी।
इनसेट..
बकाण वार्ड से पहले दिन आए पांच नामांकन : एसडीएम
उधर, एसडीएम चंबा बचन सिंह का कहना है कि पहले दिन बकाण वार्ड से पांच नामांकन दाखिल हुए हैं। जबकि दो नामांकन जडेरा और एक उटीप वार्ड से आया है। नामांकन दाखिल करने वालों को सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने की नसीहत दी गई है। मंगलवार को शांतिपूर्वक नामांकन दाखिल किए गए हैं।