श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में मंगलवार को नवमी पर मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत रूप से माता की पूजा-अर्चना की गई। मंगलवार को 5,000 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में माथा टेका।
मंदिर में नवमी पूजन की रस्में अदा की गई। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार से श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां भी डालीं। लोग पूरी श्रद्धा से लाइनों में लगकर दर्शन के लिए उत्साहित रहे। मंदिर न्यास अध्यक्ष राजकुमार गौतम ने बताया कि न्यास को अब तक 1,06,88,743 रुपये नकदी, 1,44.200 ग्राम सोना, 14.582 किलो ग्राम चांदी और 130 ऑस्ट्रेलियन डॉलर चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए हैं। नवरात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। नवरात्र शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुए। स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की टीमें दिन रात ड्यूटी पर तैनात हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी प्रबंध सराहनीय हैं।