बिलासपुर। जिला स्तरीय नलवाड़ी मेला सुन्हाणी का विधायक जीतराम कटवाल ने शुक्रवार को शुभारंभ किया। एसडीएम झंडूता नरेश वर्मा ने विधायक जीतराम कटवाल का स्वागत किया। कटवाल ने लोगों को मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मेला कमेटी को 10 हजार रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सुन्हाणी मेले के प्राचीन स्वरूप को लोगों के सहयोग से संजोकर रखा जाएगा। मेले भाईचारे के प्रतीक हैं। संस्कृति को आगे आने वाली पीढ़ी तक हस्तांतरित करने में मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सुन्हाणी राजाओं के समय कहलूर रियासत की राजधानी होती थी। उस समय से मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरठीं में एक करोड़ से इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम बनाया जाएगा। प्रदेश के पहले आदर्श विद्यालय का शुभारंभ बरठीं से किया गया है। अटल आदर्श विद्यालय के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सभी महिला मंडलों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। विधानसभा क्षेत्र के पांच खंडों में महिला मंडल की खेल प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए 25-25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस मौके पर राकेश गौतम, अध्यक्ष नलवाड़ मेला समिति गायत्री गौतम, मंडल अध्यक्ष मोहेंद्र सिंह चंदेल, जिला परिषद सदस्य शैलजा शर्मा, जिला परिषद सदस्य शालू रणौत उपस्थित रहे।