एएमआरयू मंडी: पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की मेरिट जारी, मुस्कान व अभिलाषा ने किया टॉप
एएमआरयू के अनुसार मेरिट सूची सिस्टम में उपलब्ध अभ्यर्थियों के डाटा के आधार पर तैयार की गई है। आरक्षित श्रेणी का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज जांच लेने होंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित प्रारूप में वैध और अद्यतन दस्तावेज नहीं होने पर संबंधित आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा।
विस्तार
पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग में दाखिले का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू) ने फाइनल ओवरऑल मेरिट सूची जारी कर दी है। सूची में 747 अभ्यर्थियों को जगह मिली है। इसमें मुस्कान शर्मा और अभिलाषा ठाकुर ने 90-90 अंक लेकर मेरिट में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया है। मेरिट में रजदीप कौर 89 अंक के साथ तीसरे और शिवानी शर्मा 89 अंक लेकर चौथे स्थान पर रहीं। स्नेहा शर्मा ने 88 अंक के साथ पांचवां स्थान पाया है। इसके बाद बनिता कुमारी को भी 88 अंक मिले हैं। सूची में एचपी कोटा के साथ इन सर्विस और मैनेजमेंट कोटा के अभ्यर्थी भी शामिल हैं। एएमआरयू के अनुसार मेरिट सूची सिस्टम में उपलब्ध अभ्यर्थियों के डाटा के आधार पर तैयार की गई है। आरक्षित श्रेणी का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज जांच लेने होंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित प्रारूप में वैध और अद्यतन दस्तावेज नहीं होने पर संबंधित आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार भवानी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवंटित कॉलेज में जाने से पहले अपने लॉगिन से प्रोविजनल सीट आवंटन पत्र डाउनलोड कर लें।
एमएससी नर्सिंग की मेरिट में शिवानी को पहला स्थान
एमएससी नर्सिंग में दाखिले का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एएमआरयू ने फाइनल ओवरऑल मेरिट सूची जारी कर दी है। सूची में 331 अभ्यर्थियों को स्थान मिला है। 88 अंक हासिल कर शिवानी चौहान ने मेरिट में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, 86 अंक के साथ हिमानी दूसरे और 82 अंक लेकर पायल शर्मा तीसरे स्थान पर हैं।
बीएससी नर्सिंग की प्रोविजनल मेरिट में संचिता को प्रथम स्थान
बीएससी नर्सिंग में दाखिले का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए एएमआरयू ने 2026-27 की प्रोविजनल ओवरऑल मेरिट सूची जारी कर दी है। सूची में संचिता देवी 97 अंक के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं 94 अंक लेकर गौरी, कृतिका, अक्षिता शर्मा, जसनूर कौर, अनिका ठाकुर और कृतिका वर्मा संयुक्त रूप से अगले स्थानों पर हैं। एएमआरयू ने 5,065 अभ्यर्थियों की प्रोविजनल मेरिट सूची जारी की है।
दूसरे राउंड में 108 सीटों पर दाखिले का मौका
वहीं पैरा मेडिकल और बी फार्मेसी आयुर्वेद में दाखिले का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए दूसरे राउंड की काउंसलिंग में सीटें उपलब्ध हैं। अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू) हिमाचल प्रदेश ने दूसरे राउंड का प्रोविजनल सीट मैट्रिक्स जारी किया है। आठ जोगिंद्रनगर स्थित कॉलेज ऑफ आयुर्वेदिक पाठ्यक्रमों में कुल 108 सीटें खाली हैं। फार्मास्युटिकल साइंसेज में बी फार्मेसी (आयुर्वेद) की 10 सीटें रिक्त हैं। वहीं, डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी की 10, एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी की 19 और मेडिकल लेबोरेटरी साइंस की 15 सीटें खाली हैं। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी की 17, एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी की 15, डायलिसिस थैरेपी टेक्नोलॉजी की तीन और मेडिकल लैबोरेटरी साइंस की 19 सीटें रिक्त हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार भवानी ने अभ्यर्थियों को खास तौर पर सलाह दी है कि वे केवल अभी दिखाई जा रही सीटों को देखकर विकल्प न भरें। दूसरे राउंड में कुछ सीटें अभ्यर्थियों के अपग्रेडेशन या सीट छोड़ने से भी उपलब्ध हो सकती हैं। इसलिए पसंद और प्राथमिकता के आधार पर विकल्प भरना उचित रहेगा।