{"_id":"6668f256207b7951e809281d","slug":"tractor-crushes-elder-brother-in-front-of-younger-brother-he-dies-yamuna-nagar-news-c-246-1-sknl1019-120283-2024-06-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Yamuna Nagar News: ट्रैक्टर ने छोटे भाई के सामने ही बड़े को कुचला, तोड़ा दम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Yamuna Nagar News: ट्रैक्टर ने छोटे भाई के सामने ही बड़े को कुचला, तोड़ा दम
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर। जगाधरी-छछरौली रोड पर बूड़िया चौक के नजदीक शांति धर्म कांटा के सामने छोटे भाई के सामने सड़क पार कर रहे युवक को लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय युवक अपने भाई के साथ लक्कड़ मंडी में ट्रैक्टर ट्रॉलियों से लकड़ी उतारने के लिए जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जगाधरी के गांधीनगर निवासी कौशल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रैक्टर ट्रॉलियों से लकड़ी उतारने का काम करता है। उसका बड़ा भाई 24 वर्षीय ललित भी उसके साथ लक्कड़ मंडी में ट्रालियों से लकड़ी उतारने का काम करता था। मंगलवार सुबह करीब पौने छह बजे वे दोनों घर से काम के लिए निकले थे। जगाधरी-छछरौली रोड पर बूडिया चौक से आगे शांति धर्म कांटा के पास उसका भाई ललित सड़क पार करने लगा। तभी बूड़िया चौक की तरफ से तेज गति से लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली आई। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर ट्रॉली चलाते हुए उसके भाई ललित को सीधी टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद ट्रैक्टर का पहिया उसके भाई को कुचलता हुआ निकल गया। वह अपने भाई को संभालने लगा तो आरोपी ट्रैक्टर चालक वहां से फरार हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। अपने पिता रघुनाथ व आसपास लोगों की मदद से वह भाई ललित को सिविल अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टर ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने कौशल की शिकायत पर आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना शहर जगाधरी प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा का कहना है कि मामले में आरोपी ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
विज्ञापन