{"_id":"63262e63a34854684e0cdf45","slug":"illegal-mining-in-yamunanagar-of-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"बेलगाम अवैध खनन: डेढ़ माह, छह टास्क फोर्स, 47 एफआईआर 31 लाख जुर्माना... माफिया फिर भी सक्रिय","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बेलगाम अवैध खनन: डेढ़ माह, छह टास्क फोर्स, 47 एफआईआर 31 लाख जुर्माना... माफिया फिर भी सक्रिय
Sun, 18 Sep 2022 08:01 AM IST
भूपेंद्र सिंह
सुरेश सैनी, संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
सुरेश सैनी, संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Sun, 18 Sep 2022 08:01 AM IST
सार
ताजेवाला व मांडेवाला नैनावाली में माफिया पाबंदी के बावजूद खनन कार्य को अंजाम दे रहा है। यहां धरती का सीना चीर कर 30 से 40 फीट तक गहरी कई नहरें तक बना डाली।
विज्ञापन
यमुनानगर के मांडेवाला क्षेत्र में रेत का अवैध खनन करती जेसीबी मशीनें और भरा बारिश का पानी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के यमुनानगर जिले में अवैध खनन रोकने के लिए प्रशासन की कार्रवाई के बाद भी माफिया सक्रिय है। प्रताप नगर और रादौर के जठलाना व गुमथला में अवैध खनन जारी है। इससे पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है वहीं राजस्व की भी चोरी हो रही है।
विज्ञापन
ताजेवाला व मांडेवाला नैनावाली में माफिया पाबंदी के बावजूद खनन कार्य को अंजाम दे रहा है। यहां धरती का सीना चीर कर 30 से 40 फीट तक गहरी कई नहरें तक बना डाली। हाल यह है कि बिजली के खंभे भी अधर में लटक गए हैं। इतना ही नहीं खनन माफिया ने गो सदन (गोशाला) और गांव नैनावाली के श्मशान घाट की पंचायती भूमि को भी नहीं छोड़ा। यहां भी खूब अवैध खनन हुआ।
विज्ञापन
31 अगस्त को डीसी राहुल हुड्डा ने अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही। एसडीएम की अध्यक्षता में छह टास्क फोर्स बनाई गई हैं, जिन्हें खनन क्षेत्र में औचक निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई। निरीक्षण के दौरान इन कमेटियों ने चालान भी किए। यमुनानगर में 47 एफआईआर दर्ज कर 41 पर कार्रवाई की गई। अवैध खनन करने वालों से 31 लाख 14 हजार 300 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए गए। इसके बाद भी जिले में धड़ल्ले से अवैध खनन जारी है। टास्क फोर्स का माफिया को जरा भी डर नहीं है।
विज्ञापन
करीब एक दर्जन जगहों पर अवैध खनन
जिले में जो क्षेत्र खनन के लिए घोषित नहीं है, वहां पर भी माफिया खुलेआम जमीन खोद रहा है। दिन हो या रात, खनन माफिया बेरोकटोक जेसीबी और पोकलेन से जमीन के अंदर तक अवैध खोदाई कर रहा है। ताजेवाला, बेलगढ़, कनालसी, नगली, पौबारी, जठलाना, गुमथला, रणजीतपुर, बिलासपुर, छछरौली, साढौरा आदि क्षेत्रों में भी अवैध खनन हो रहा है। यहां मुख्य रूप से पत्थर, कोरसेंट, बजरी, बदरपुर और मोटे रेत का अवैध खनन होता है।
पाबंदी के बावजूद पत्थर व रेत निकाली
कनालसी से ऊपर ताजेवाला, मांडेवाला, बल्लेवाला, बेलगढ़, नवाबपुर, कन्यावाला व रणजीतपुर में पत्थर के घाट हैं जबकि कनालसी से नीचे बीबीपुर, लापरा, जठलाना, गुमथला आदि जगह पर रेत के घाट हैं। 1 जून से 15 सितंबर तक खनन पर पाबंदी होने के बाद भी इन जगहों पर खनन कार्य हुआ।
ग्रामीणों में रोष, शिकायत के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई
पिछले दिनों गांव नैनावाली के ग्रामीणों का अवैध खनन पर गुस्सा फूट पड़ा। जिस जगह पर खनन हुआ वहां जाकर ग्रामीणों ने नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। गांव नैनावाली का श्मशान घाट जिस पंचायती भूमि पर बना है वहां माफिया ने कई एकड़ में अवैध खनन कर भूमि का कटाव कर दिया। ऐसे में श्मशान घाट की चहारदीवारी गिरने का खतरा पैदा हो गया।
नैनावाली के ग्रामीणों में रकम सिंह, संदीप, गुरमीत, अमित, विशाल, विक्रम, इस्लाम, देसराज, सोनू व जोनी के मुताबिक 72 कनाल पंचायती जमीन है, इसी जमीन पर यह श्मशान घाट बना है। इस पंचायत की जमीन पर जमकर अवैध खनन किया जा रहा है। इसे रुकवाने के लिए पुलिस व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत तक दे चुके हैं, लेकिन खास कार्रवाई नहीं हो रही है।
माफिया से मिलीभगत करने वाले अधिकारियों के भी प्रमाण जुटा रहे
हरियाणा में अवैध खनन और ओवरलोड ट्रॉलियों के खिलाफ हाईकोर्ट में जनहित याचिका लगी हुई है जिसमें विभागों को नोटिस जारी हुआ है। याचिका विचाराधीन है। अवैध खनन के साथ-साथ मिलीभगत करने वाले अधिकारियों के भी प्रमाण जुटा रहे हैं। इन पर भी कार्रवाई करवाकर अमूल्य संपदा बचाने का कार्य करेंगे। हमें उम्मीद है न्यायालय से हमें और क्षेत्र को न्याय मिलेगा। - एडवोकेट, वरयाम सिंह, प्रदेशाध्यक्ष हरियाणा एंटी करप्शन सोसायटी।
टीमें गठित कर कार्रवाई होगी
अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसको लेकर अधिकारियों संग बैठक भी की गई है। अफसरों को अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। इस पर शिकंजा कसने के लिए टीमें भी गठित की जाएंगी और इनके चालान कर वाहन जब्त किए जाएंगे। - राहुल हुड्डा, डीसी, यमुनानगर।