Karnal: चार दिन पहले मुठभेड़ में पकड़ा था बदमाश; अस्पताल से फरार, बिस्तर पर मिली हथकड़ी; तैनात थे 4 जवान
पंजाब के खरड़ गांव निवासी गुरजीत सिंह को करीब 23 दिन की तलाश के बाद सीआईए-1 की टीम ने मेरठ रोड स्थित आवर्धन नहर के पास 25 मई को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के कूल्हे के पास टांग में गोली लगी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर पकड़ा गया एक शातिर बदमाश वीरवार रात को करीब 12 बजे सरकारी अस्पताल से फरार हो गया। अस्पताल के बेड पर बदमाश की सिर्फ हथकड़ी मिली। आरोपी पर तरावड़ी स्थित पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर लूट का प्रयास करने का आरोप था और वह हरियाणा समेत पांच राज्यों की पुलिस के लिए वांछित बताया जा रहा था। आरोपी के फरार होते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अब पुलिस टीमें उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पंजाब के खरड़ गांव निवासी गुरजीत सिंह को करीब 23 दिन की तलाश के बाद सीआईए-1 की टीम ने मेरठ रोड स्थित आवर्धन नहर के पास 25 मई को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के कूल्हे के पास टांग में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी बरामद की थी।
वीरवार को अस्पताल के परिजनर वार्ड के बाहर आरोपी की निगरानी के लिए चार पुलिस जवान तैनात किए गए थे। बावजूद देर रात करीब 12 बजे आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया। जैसे ही इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों तक पहुंची तो विभाग में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चार जवानों की मौजूदगी के बावजूद आरोपी कैसे फरार हुआ, इसे लेकर पुलिस अधिकारी फिलहाल स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इस मामले में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पेट्रोल पंप पर की थी लूट की कोशिश
मामला 2 मई की तड़के सुबह का बताया जा रहा है। गांव पड़वाला निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 4:25 बजे एक युवक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की बाइक पर तरावड़ी स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर पहुंचा। आरोपी ने पहले 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया और पैसे भी दे दिए। इसके बाद जब सेल्समैन सुरेश कुमार वापस शोरूम की तरफ जाने लगा तो आरोपी उसके पीछे आ गया। आरोपी ने कमीज उठाकर जेब से पिस्तौल निकाली और सुरेश कुमार पर तान दी। उसने धमकी देते हुए कहा कि जितना कैश है, निकाल दो।
कर्मचारियों की बहादुरी से टली वारदात
सुरेश कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की पिस्तौल पर हाथ मार दिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव तखाना निवासी नरेश कुमार भी मौके पर पहुंच गया। दोनों ने मिलकर आरोपी का विरोध किया, जिससे वहां धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने फायर कर दिया, लेकिन गोली हवा में निकल गई और बड़ा हादसा बच गया। अचानक हुई फायरिंग से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
पीड़ित के अनुसार पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी तुरंत बाइक पर सवार होकर तरावड़ी टी-प्वाइंट की तरफ फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से गोली का खोल बरामद किया गया और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
23 दिन बाद मुठभेड़ में दबोचा
पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी। करीब 23 दिन बाद सीआईए-1 की टीम ने मेरठ रोड स्थित आवर्धन नहर के पास आरोपी को घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।