सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी मुरथल के वीसी प्रो. राजेंद्र अनायत का तीन साल के लिए कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने उनका कार्यकाल बढ़ाने के आदेश जारी किए जो उनको शुक्रवार को मिले हैं। वीसी प्रो. राजेंद्र अनायत को टीआईटीएस (टेक्रोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्सटाइल एंड साइंस) भिवानी के डायरेक्टर के बाद मुरथल यूनिवर्सिटी में नियुक्त किया गया था। जिसके बाद वीसी ने यूनिवर्सिटी में चलने वाली राजनीति को खत्म किया और यहां विद्यार्थियों को रोजगार परक शिक्षा दिलाने के लिए कई कोर्स शुरू कराए।
दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी मुरथल के वीसी की जिम्मेदारी प्रो. राजेंद्र अनायत को 6 जुलाई 2017 को मिली थी। वीसी प्रो. राजेंद्र सिंह अनायत काफी लंबे समय से शिक्षण क्षेत्र में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। वह केरल सरकार में कई अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं तो जीजेयू हिसार में एकेडमी परिषद के गवर्नर के नामित सदस्य रहे हैं। इसके अलावा भी वह चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी भिवानी की वित्त समिति व योजना बोर्ड में रहे हैं तो वह प्रदेश की अन्य कई यूनिवर्सिटी में कमेटियों के सदस्य व अध्यक्ष रहे हैं। वीसी प्रो. राजेंद्र अनायत की नियुक्ति से पहले यूनिवर्सिटी में आपसी राजनीति हावी थी, जिसको खत्म करना सबसे बड़ी चुनौती थी। वीसी ने उसको खत्म करके यूनिवर्सिटी में शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए काम किया और यहां कई कोर्स शुरू कराए गए, जिनमें ड्यूल डिग्री कोर्स भी शामिल है। इसके साथ ही परीक्षा प्रणाली को प्रदेश में सबसे बेहतर किया गया। वीसी प्रो. राजेंद्र अनायत ने कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद कहा कि वह पहले भी यूनिवर्सिटी व विद्यार्थियों की बेहतरी के लिए काम करते रहे हैं और इस तरह आगे भी उनका यह प्रयास रहेगा। वीसी प्रो. राजेंद्र अनायत का कलर कोडिंग में बड़ा नाम है और वह मुरथल यूनिवर्सिटी में कलर कोडिंग शिक्षा को लेकर भी काम कर रहे हैं, जिससे उसके सहारे बेहतर रोजगार विद्यार्थियों को मिल सके।