गांव नैना ततारपुर में शराब की अवैध फैक्टरी के लिए लेबल, ढक्कन, गत्ता पेटी सप्लाई कराने के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शराब की इसी अवैध फैक्टरी में बनी जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। गिरफ्तार आरोपी गांव राजलूगढ़ी का रहने वाला राजेश उर्फ भालू है। पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
मोहाना थाना के एसआई सुरेंद्र ने 5 नवंबर को गांव नैना तातारपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान एक मकान में शराब की अवैध फैक्टरी चलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारकर एक आरोपी को काबू किया था। पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब व शराब बनाने का सामान बरामद किया था। बाद में पता लगा था कि इस अवैध फैक्टरी की जहरीली शराब की सप्लाई से ही जिले में कई लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। पुलिस ने मामले में शराब फैक्टरी के साझेदार अजीत उर्फ जीता निवासी सिटावली व मुकेश निवासी सैदपुर को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में शराब फैक्टरी के साझेदार व शराब बनाने व सप्लाई कराने के आरोप में नरेश उर्फ नेशी, मंदीप उर्फ सेठा निवासी नैना ततारपुर, कुलदीप, संदीप उर्फ मामा, मोहित को काबू किया था। केमिकल उपलब्ध कराने के आरोप में आहुलाना का विजय व नैना ततारपुर का जय सिंह काबू किया गया। अब एएसआई अजमेर सिंह की टीम ने शराब के लिए लेबल, ढक्कन व गत्ता पेटी सप्लाई करने के आरोपी राजेश को पकड़ा है। उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।