फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   If found alive after 6 years left stumped

6 साल बाद मिली जिंदा तो रह गए भौचक्के

Sat, 19 Jul 2014 12:47 AM IST
सोनीपत
सोनीपत Updated Sat, 19 Jul 2014 12:47 AM IST
विज्ञापन
राई के एक गांव में ग्रामीणों की नजर में जो महिला छह साल पहले जलकर मर चुकी थी, शुक्रवार को वह सामने आई तो ग्रामीण और परिजन भौचक्के रह गए। आनन-फानन में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और महिला को उसके परिजन थाना कुंडली लेकर पहुंचे। चार घंटे की छानबीन के बाद मामला पुलिस ने महिला के अपहरण का माना। हालांकि जो महिला में रसोई में मृत मिली थी वह कौन थी। उसके साथ क्या हुआ था, इस पर पुलिस की माथापच्ची जारी है।  
विज्ञापन


ये है मामला
गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसके बेटे की शादी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश निवासी महिला के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपति को तीन बच्चे हुए। 26 जुलाई, 2008 की रात को पति धान की फसल में पानी लगाने गया था। बेटे के जाने के बाद ससुर मकान के ऊपर छत पर सोने चला गया। जबकि पुत्रवधु बच्चों के साथ नीचे मकान में सो रही थी। देर रात लगभग दो बजे रसोई में आग लगने की सूचना उसकी बड़ी पोती ने उसे दी। वह रसोई में पहुंचा तो एक महिला बुरी तरह से वहां जली पड़ी थी। उसके पास जो सामान था, उससे उन्होंने उसकी पहचान अपनी पुत्रवधू के तौर पर की। अगले दिन अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार के समय मायके के लोगों के अलावा ग्रामीण भी मौजूद थे।
विज्ञापन


प्रकट हुई महिला तो भौचक रह गया गांव
शुक्रवार को जब महिला भाई के साथ अचानक गांव स्थित अपने ससुराल पहुंची तो उसे देखकर परिजन भौचक्के रह गए। साथ में उसके बच्चे भी मां को सामने पाकर दंग रह गए। महिला के जिंदा होने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पुलिस को भी दी गई। इसके बाद परिजन महिला को लेकर कुंडली थाना पहुंच गए।
विज्ञापन
विज्ञापन


चार घंटे में समझ आया पुलिस को माजरा
महिला ने थाने पहुंचकर बताया कि उसका अपहरण हुआ था। पुलिस के सामने अब सवाल यह खड़ा हुआ कि जो महिला रसोई में मृत मिली थी, वह कौन थी। पुलिस को बताया गया कि महिला पोंटा साहिब, हिमाचल प्रदेश में थी और वहां से उसने अपने भाई को कई बार फोन किया। पहले तो परिजन यह मानने को तैयार नहीं थे कि वह उसकी बेटी है। फोन बार-बार आने लगे तो उसके भाई को पोंटा साहिब भेजा गया। वह महिला को लेकर शुक्रवार को गांव पहुंचा। पुलिस ने मामले को लेकर चार घंटे तक माथापच्ची की। महिला और परिजनों से बार-बार पूछताछ की गई।

मामला अपहरण का निकला
महिला, उसके परिजनों और अन्य से हुई पूछताछ के बाद पुलिस ने मामला अपहरण का माना है। इसमें गांव के ही कर्मबीर का हाथ माना गया है। आरोप है कि कर्मबीर ने महिला का अपहरण किया। कर्मबीर शादीशुदा था। इसके बावजूद वह महिला को जबरन घर से ले गया और उसे कई स्थानों पर रखा। पुलिस ने पति की शिकायत पर कर्मबीर के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और सबूतों को छिपाने आदि अन्य कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कर्मबीर फरार है।

डेड बॉडी का उलझा पेंच
महिला के जिंदा होने का मामला पुलिस ने भले ही निपटा दिया हो, पर पुलिस अब उलझन में है कि उस दिन रसोई में जो महिला जली हालत मिली थी और जिसका अंतिम संस्कार किया गया, आखिर वह कौन थी। इसके बारे में पुलिस ने महिला से बड़ी बारीकी से पूछताछ की, लेकिन कोई भेद नहीं लग पाया। पुलिस ने अब फैसला किया है कि मामले की जांच गहनता से जांच होगी।

कर्मबीर उठाएगा पर्दा, तलाश शुरु
पुलिस का मानना है कि कर्मबीर ही एक ऐसा व्यक्ति है जो मामले से पर्दा उठा सकता है। पुलिस ने परिजनों से कर्मबीर का फोटो जुटा लिया है और साथ ही पुलिस की एक टीम का गठन कर जांच शुरू कर दी है।


महिला छह साल पहले लापता हो गई थी, वह अचानक सामने आ गई है। पुलिस ने उसके पति के बयान पर गांव के ही कर्मबीर के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और सबूत छिपाने आदि के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। छानबीन जारी है। कर्मबीर को जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
-बलजीत सिंह, थाना प्रबंधक, कुं डली
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed