सोनीपत: अनियंत्रित ट्रक ने तीन बाइक व एक कार को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, सात घायल
सोनीपत के गांव हरसाना के पास गुरुवार को अनियंत्रित ट्रक ने कार व तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई व एक महिला और दो युवकों को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव हरसाना नंदीशाला के पास अनियंत्रित ट्रक ने तीन बाइक व एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उसकी पत्नी समेत अन्य वाहनों में सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों में महिला व दो युवकों को गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं ट्रक चालक को काबू कर लिया गया।
गांव फतेहपुर निवासी सुभाषचंद्र ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह गुरुवार सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने गया था। लौटते समय गांव हरसाना के सामने नंदीशाला के पास पहुंचा तो सामने से तेज रफ्तार में ट्रक आता दिखाई दिया। ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने एक कार व तीन बाइक को टक्कर मार दी।
सुभाष ने बताया कि इस हादसे में एक बाइक पर सवार उसका भतीजा अमित व भतीजे की पत्नी रिम्पी देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लेकर वह तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचे। वहां पर अमित को मृत घोषित कर दिया गया और रिम्पी को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें ः अखाड़ा हत्याकांड: रेसलर व उसके भाई के हत्यारोपियों पर पुलिस ने एक लाख का इनाम किया घोषित
उनके साथ ही ट्रक की टक्कर से कार में सवार संदीप और उनकी पत्नी भी घायल हो गए। एक अन्य बाइक पर सवार झज्जर जिले के गांव निलोठी के रहने वाले मनोज कुमार व उनका साथी घायल हो गए और उनकी बाइक टूट गई। एक अन्य बाइक ट्रक की टक्कर से टूट गई। उस पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। उनको उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। दोनों बाइक सवार युवकों व रिम्पी की हालत गंभीर बनी हुई है। इनके अलावा तीन-चार अन्य वाहन ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालांकि उन पर सवार लोग बाल-बाल बच गए।
हादसे में युवक की मौत हो गई। उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। आरोपी ट्रक चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। -इंस्पेक्टर बदन सिंह, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत