{"_id":"58bf062f4f1c1bd71adc5d19","slug":"sonipat-exam-deo-says-take-action-harayana","type":"story","status":"publish","title_hn":"नकल के लिए लगाई पूरी अकल, डीईओ बोले, नकल रहित हुई परीक्षा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
नकल के लिए लगाई पूरी अकल, डीईओ बोले, नकल रहित हुई परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो सोनीपत
Updated Wed, 08 Mar 2017 12:42 AM IST
विज्ञापन
स्कूल के पास बाहरी युवकों को खदेड़ता पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों से लेकर जिले के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की नकलविहीन परीक्षा कराने की पोल 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षाओं के पहले ही दिन खुल गई। परीक्षा में नकल कराने के लिए युवा से लेकर बुजुर्ग कोई भी पीछे नहीं रहे। नकल कराने को परीक्षा केंद्र में कोई दीवार कूदकर पहुंच गया तो किसी ने अपनों को खिड़की से नकल पकड़ा दी। पुलिस कई जगह मूकदर्शक बनी रही। पुलिस ने कई जगह कड़ा रुख अपनाते हुए परीक्षा केंद्र के पास नकल कराने पहुंचे युवकों पर लाठियां बरसाईं और उनको दौड़ा दिया। परीक्षा में नकल करने पर गन्नौर में बोर्ड की टीम ने पांच केस बनाए। परीक्षा के दौरान सोनीपत, गोहाना, गन्नौर क्षेत्र में धारा 144 की धज्जियां सरेआम उड़ती नजर आईं और फोटोस्टेट की दुकानें भी खुली रहीं।
जिले में 97 सेंटरों पर परीक्षा
जिले के 97 सेंटरों पर मंगलवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व ओपन बोर्ड की परीक्षा शुरू हुई। पहले दिन 10वीं व 12वीं की अंग्रेजी की परीक्षा हुई। परीक्षा शुरू होने से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर बाहरी युवकों का जमावड़ा शुरू हो गया था। परीक्षा शुरू होते ही बाहरी युवकों ने स्कूलों की दीवार कूदकर अंदर जाना शुरू कर दिया। हालांकि इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर पुलिस भी तैनात रही, लेकिन सुबह 10:30 बजे शुरू हुई 10वीं कक्षा की परीक्षा में 1:30 बजे तक जमकर नकल चली। वहीं, दोपहर बाद 2 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक 12वीं कक्षा की परीक्षा में भी खुलकर नकल चली।
विज्ञापन
पुलिस ने किया प्रयास, नहीं मिली सफलता
परीक्षा केंद्रों पर लगाई गई पुलिस ने बाहरी युवकों को नकल रोकने के लिए हर तरह से प्रयास किया। पुलिस ने युवकों पर डंडे भी बरसाए। इसके बाद भी नकल नहीं रुकी। बाहरी युवकों ने दीवार कूदकर नकल को बढ़ावा दिया तो वहीं बुजुर्गों ने भी खिड़की से पर्ची डालकर नकल कराई। परीक्षा में हुई नकल से प्रशासन व विभाग के दावे फेल नजर आए।
विज्ञापन
प्रशासन के दावे हवा में
प्रशासन ने नकल रोकने के लिए सख्त कदम उठाने का दावा किया था। इसके लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास के 200 मीटर क्षेत्र में धारा 144 लगाते हुए फोटोस्टेट की दुकानें बंद करने के आदेश दिए थे। प्रशासन ने इन आदेशों की मंगलवार को परीक्षा के पहले ही दिन सरेआम धज्जियां उड़ती दिखीं, जहां परीक्षा केंद्रों के बाहर युवकों को जमावड़ा रहा। वहीं, आसपास में फोटोस्टेट की दुकानें भी खुली रहीं।
बोर्ड ने पकड़े पांच नकलची
10वीं व 12वीं कक्षा की होने वाली इन परीक्षाओं के लिए बीईओ से लेकर डीसी व बोर्ड की अनेक टीमों का गठन किया गया है। परीक्षा के पहले दिन जहां गन्नौर में एसडीएम निर्मल नागर ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया तो दूसरे केंद्रों पर भी हर फ्लाइंग स्क्वायड ने निरीक्षण किया। बोर्ड की टीम ने पहली ही परीक्षा में गन्नौर में दोनों कक्षाओं के पांच नकलचियों पर केस बनाया।
नकल नहीं बर्दाश्त
जिले में मंगलवार को हुई 10वीं व 12वीं की पहली परीक्षा नकल रहित हुई। हालांकि कई सेंटरों पर नकल करने की सूचना मिली थी, लेकिन वहां पुलिस की मदद से नकल पर पाबंदी लगा दी थी। गन्नौर में कई स्कूलों में नकल होती मिली, जहां बोर्ड की टीम ने पांच छात्रों के केस बनाए। परीक्षा में नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानों को बंद कराने में प्रशासन ने सख्त कदम उठाने चाहिए।
-जिले सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी।
नकल रोकने को उठाए सख्त कदम
नकल के खिलाफ प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। यदि किसी परीक्षा केंद्र में नकल कराने का मामला सामने आता है तो छात्र के अलावा संबंधित केंद्र अधीक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-निर्मल नागर, एसडीएम गन्नौर।