सोनीपत में हत्या: रोहतक के युवक की हाईवे पर ली जान, पुलिस चौकी से 500 मीटर दूर मिला शव
रोहतक के युवक की सोनीपत जिले के गोहाना में हत्या कर दी गई है। पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर शव मिला। मृतक रोहतक जिले के लाखनमाजरा गांव का रहने वाला था। पुलिस वर्दी में एक युवती ने सबसे पहले पास के ढाबा कर्मचारियों को हाइवे पर शव पड़े होने की जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के रोहतक के गांव लाखनमाजरा निवासी युवक की गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे पर हत्या कर दी गई। उसका शव भैंसवान खुर्द पुलिस चौकी से महज 500 मीटर दूरी पर मिला। पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
गांव लाखनमाजरा निवासी जोगेंद्र ने बताया कि उसके भाई जितेंद्र उर्फ बिट्टू से उसकी मंगलवार रात करीब आठ बजे ही फोन पर बात हुई थी। उसने कहा था कि वह गांव की ही एक युवती के साथ है और किसी काम से रोहतक जा रहे हैं। इसके बाद बुधवार सुबह उसे सूचना मिली कि उसके भाई की गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित भैंसवान खुर्द पुलिस चौकी के 500 मीटर दूर हत्या की गई है।
जोगेंद्र का कहना है कि उसने मौके पर पहुंचकर भी आसपास के ढाबा संचालकों से जानकारी जुटाई। ढाबा के कर्मचारियों ने उसे बताया कि रात को पुलिस की वर्दी में एक युवती जख्मी हालत में उनके पास आई और बताया कि हाईवे पर एक युवक का शव पड़ा है। ढाबा कर्मचारियों ने पुलिस को बताने को कहा तो युवती वहां से चली गई। जोगेंद्र का आरोप है कि उसके भाई की हत्या की गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को सड़क हादसे की सूचना मिली थी। बाद में युवती के बारे में जानकारी जुटाई गई तो वह भी घायल होने के बाद रोहतक पीजीआई गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि जितेंद्र पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था। युवती जितेंद्र का छिपने में सहयोग करती थी। जितेंद्र युवती को उसकी मां के पास गोहाना छोड़ने आ रहा था। उसके भाई ने उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -सतीश कुमार, जांच अधिकारी एवं भैंसवान पुलिस चौकी प्रभारी।