सोनीपत कोर्ट परिसर में हत्या: दो बाइक सवारों ने युवक को गोली मारी, पत्नी की हत्या के मामले में था मुख्य गवाह
मृतक की पत्नी की हत्या आन के लिए हुई थी। पिता व एक अन्य रिश्तेदार पर मुकदमा दर्ज है। व्यक्ति ने दोस्त की बेटी से प्रेम विवाह किया था। जुलाई 2021 में पिता ने बेटी की हत्या कर शव गंग नहर में फेंक दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में आन के नाम पर हुई पत्नी की हत्या के मामले में गवाही देने कोर्ट परिसर में आए व्यक्ति की बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खानपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर दो नामजद समेत दो अन्य के खिलाफ हत्या व षड्यंत्र रचने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस टीम हमलावरों का पता लगाने प्रयास कर रही है। मामले में दो आरोपी जेल में बंद हैं। उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा।
गांव मुकीमपुर के रहने वाले वेद प्रकाश (43) ने अपने पड़ोसी व दोस्त विजयपाल की 18 वर्षीय बेटी से दिसंबर 2020 में प्रेम विवाह कर लिया था। एक ही गोत्र के होने के कारण विजयपाल इससे नाराज था। बाद में वेदप्रकाश ने राई थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि वह अपनी पत्नी को 6 जुलाई, 2021 को विजयपाल के पास छोड़कर गया था।
उसने शक जताया था कि उसकी पत्नी की विजयपाल ने ही हत्या कर दी थी। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर विजयपाल को गिरफ्तार कर पूछताछ की थी। इसमें खुलासा हुआ था कि उसने बेटी की हत्या कर शव को गंगनहर में फेंक दिया है। मामले में विजयपाल के साथ उसकी बुआ के पौत्र गांव रिठाल निवासी वीरेंद्र को भी गिरफ्तार किया था। उन्होंने खेड़ी दमकन के पास गला दबाकर हत्या करने व शव को यूपी के मेरठ के पास गंगनहर में फेंकना कुबूल किया था।
आन के नाम पर हुई हत्या के मामले में ही शुक्रवार सुबह वेदप्रकाश गवाही देने कोर्ट में आया था। सुबह सवा दस बजे वह अपने अधिवक्ता के चैंबर नंबर 207 से निकलकर कोर्ट की तरफ जाने के लिए पार्क के पास पहुंचा था। इसी दौरान बाइक सवार दो हथियारबंद युवकों ने वेदप्रकाश पर तीन फायर किए थे। एक गोली परिसर में खड़ी कार में लगी और दो गोली लगने से वेद प्रकाश की मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में वेद प्रकाश के भाई सुरेंद्र के बयान पर हत्या व षड्यंत्र रचने का मुकदमा दर्ज किया है। इसमें विजयपाल व उसके रिश्तेदार वीरेंद्र को नामजद करते हुए दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद कोर्ट परिसर में दहशत फैल गई। वारदात के बाद एसपी हिमांशु गर्ग ने भी पुलिस टीम के साथ कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। वारदात से गुस्साए अधिवक्ताओं ने भी वर्क सस्पेंड कर दिया था। हालांकि एसपी से बैठक के बाद उन्होंने वर्क सस्पेंड वापस ले लिया।
कोर्ट परिसर में गवाही देने आए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। मामले में मृतक के भाई के बयान पर दो नामजद समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। - इंस्पेक्टर वजीर सिंह, थाना प्रभारी, सिटी सोनीपत