फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   crime news

धूं-धूंकर जली कार, मिला अधजला शव

Tue, 02 Feb 2016 12:00 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सोनीपत
ब्यूरो/अमर उजाला, सोनीपत Updated Tue, 02 Feb 2016 12:00 AM IST
विज्ञापन
crime news
खेवड़ा गांव के पास सोमवार अल सुबह एक जली हुई गाड़ी में एक युवक का झुलसा हुआ शव बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया। दोपहर बाद युवक की शिनाख्त दिल्ली निवासी मितुल वर्मा के तौर पर हुई थी। हालांकि मरने वाला मूलरूप से कानपुर (2/11 कृष्णा नगर, कानपुर) का रहने वाला था। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने इस मामले में मितुल के हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने कई सवाल उठाए, जिसके चलते पुलिस भी असमंजस की स्थिति में है। हालांकि एक्स-रे मशीन खराब होने के चलते देर रात तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद शव को खानपुर कलां रेफर किया गया। जहां पर मंगलवार को पोस्टमार्टम होगा।
विज्ञापन

सोमवार अल सुबह सूचना मिली थी कि गांव खेवड़ा के पास मेरठ रोड पर एक कार जली हुई अवस्था में खड़ी है और इसमें एक शव भी पड़ा है, जो बुरी तरह से झुलसा है। गाड़ी में से बरामद किए गए कागजों से शव की शिनाख्त दिल्ली के उत्तमनगर स्थित अस्पताल गांव के एलआईजी फ्लैट में रहने वाले मितुल वर्मा के तौर पर हुई। मितुल विकासपुरी स्थित कॉल सेंटर में टेक्निकल डिपार्टमेंट में नौकरी करता था। उसके शव की पहचान कार के रजिस्ट्रेशन से हुई है। पुलिस को उसके पैंट की जेब से आरसी और फोटो मिली थी। मामले की सूचना मितुल के परिजनों को भी दी गई। परिजन शाम तक सामान्य अस्पताल में पहुंच गए थे।
विज्ञापन


नहीं हो सका पोस्टमार्टम, एक्स-रे मशीन थी खराब
मितुल वर्मा के शव की शिनाख्त दोपहर तक हो गई थी। शाम लगभग  4 बजे तक सामान्य अस्पताल में परिजन भी पहुंच गए थे। इसी दौरान पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की कोशिश की तो डॉक्टर ने एक्स-रे कराने के निर्देश दिए, लेकिन अस्पताल की एक्स-रे मशीन खराब मिली। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। रात तक शव सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखा गया था, मंगलवार को खानपुर कलां में पोस्टमार्टम होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


साथी अंगद ने बताया कि खाना खाने आए थे मुरथल
इस मामले में देर शाम तक अंगद नाम का युवक भी सामने आया है। बताया गया है कि अंगद भी मितुल के साथ काम करता था। रविवार रात को वे दोनों मुरथल स्थित ढाबों पर खाना खाने आए थे। अंगद ने बताया है कि रात को मितुल ने काफी शराब पी रखी थी, जब उसने मितुल को गाड़ी चलाने से रोका तो उसने उसे मुरथल के पास ही उतार दिया था। इस पर वह टैक्सी लेकर देर रात घर लौट आया था। वहीं पुलिस का कहना है कि अंगद से अभी तक पूछताछ नहीं की गई है।

एक बेटी का पिता और तलाकशुदा था मितुल
मितुल के चचेरे भाई राजुल वर्मा ने बताया कि मितुल तलाकशुदा था। उसके परिवार में उसकी एक बेटी है, जो फिलहाल कानपुर में ही रहती है। जॉब के सिलसिले में सबसे पहले वह खुद दिल्ली आया था, उसके बाद मितुल भी दिल्ली आ गया था। राजुल ने बताया कि कुछ समय पहले ही मितुल का तलाक हुआ था।

ढूंढ रहा था किराए का मकान
राजुल वर्मा ने बताया कि मितुल पिछले कुछ दिनों से मकान ढूंढ रहा था। वह फिलहाल एलआईजी के फ्लैट में किराए पर रहता था। कुछ दिन पहले ही मकान मालिक ने उसे फ्लैट खाली करने का नोटिस दिया था। इसीलिए वह लगातार किराए के लिए मकान ढूंढने की कोशिश में था। किराए के लिए वह बाहरी दिल्ली में ही ट्राई कर रहा था।

परिजनों के हैं सवाल
-मेरठ रोड पर दूसरी लेन में उल्टी घुमाकर गाड़ी खड़ी की गई थी, क्यों? गाड़ी अपनी ही लेन में सीधी क्यों नहीं खड़ी थी?
-इतनी ठंड में कौन गाड़ी का एसी चलाता है? फिर भी गाड़ी का एसी ऑन क्यों था?
-सब कुछ जल गया, लेकिन मितुल की फोटो और आरसी क्यों पूरी नहीं जली?
-शराब पीने की बात निराधार है, काफी पहले वो शराब पीता था, लेकिन पिछले कुछ समय से उसे किडनी की समस्या थी। शराब पीते ही आंखें सूज जाती थी। ऐसे में उसने शराब छोड़ दी थी। फिर अंगद कैसे कह सकता है कि मितुल ने शराब पी रखी थी?

-उसका शव चालक सीट पर मिला, लेकिन सीट तो पूरी लंबी थी, ऐसा क्यों? क्योंकि इस तरह से सीट कर कोई भी गाड़ी नहीं चला सकता।
नोट : ये सवाल राजुल वर्मा ने ही फोन पर हुई बातचीत के दौरान उठाए थे।

सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव की शिनाख्त भी काफी मशक्कत से की गई थी। परिजनों की शिकायत मिली है, अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है। मंगलवार को खानपुर कलां में पोस्टमार्टम होगा, उसके बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा। अंगद से भी पूछताछ की जाएगी।
-वजीर सिंह, राई थाना प्रभारी
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed