फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   A young man was killed by hitting him on the head in Sonipat of Haryana

Sonipat: बरात में गए युवक की सिर में चोट मारकर हत्या, दीपालपुर-पलड़ा रोड पर खान के पास मिला शव

Sat, 18 Feb 2023 05:37 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, राई, सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, राई, सोनीपत (हरियाणा) Published by: भूपेंद्र सिंह Updated Sat, 18 Feb 2023 05:37 PM IST
सार

युवक शुक्रवार देर शाम गांव के युवक की बरात में यूपी के गाजियाबाद स्थित सुल्तानपुर गया था। शनिवार सुबह सात बजे शव पड़ा होने की सूचना मिली, तड़के चार से पांच बजे के बीच हत्या का शक है।

विज्ञापन
A young man was killed by hitting him on the head in Sonipat of Haryana
गुस्साए ग्रामीणों ने सामान्य अस्पताल के बाहर जाम लगा दिया। - फोटो : संवाद

विस्तार

हरियाणा के सोनीपत के राई क्षेत्र के गांव मुकीनपुर से बरात में गए युवक की दीपालपुर-पलड़ा रोड पर खान के पास सिर में चोट मारकर हत्या कर दी गई। युवक देर रात तक बरात में शामिल था। आशंका है कि सुबह चार से पांच बजे के बीच उसकी हत्या की गई है। सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ थाना पुलिस ने शव कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक के चाचा के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।

विज्ञापन


उधर, शाम पांच बजे तक शव का एक्स-रे नहीं होने के चलते पोस्टमार्टम नहीं हुआ तो ग्रामीण बिफर गए और सामान्य अस्पताल के सामने महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगा दिया। बहालगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ऋषिकांत व उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिन्नी लांबा ने परिजनों को समझाकर आधे घंटे बाद जाम खुलवाया।
विज्ञापन


अस्पताल में पहुंचे विधायक सुरेंद्र पंवार ने लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। बाद में पहुंचे राई विधायक ने कार्रवाई का आश्वासन देने के साथ ही स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को फोन कर मामले से अवगत कराया। देर शाम परिजन शव को लेकर गांव में रवाना हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन


मूलरूप से गांव मुकीनपुर फिलहाल शामाबाद निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उनके बड़े भाई नारायण सिंह का बड़ा बेटा प्रवीण (28) गांव मुकीनपुर में ही परिवार सहित रहता था। वह मुरथल स्थित ढाबे के पास शीतल पेय की दुकान चलाता था।

प्रवीण शुक्रवार रात को गांव के अंकित की बरात में शामिल होने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के गांव सुल्तानपुर गया था। वह बरात में शामिल हुआ और उसके बाद वहां से आ गया। शनिवार सुबह करीब सात बजे गांव दीपालपुर-पलड़ी के बीच खान के पास प्रवीण का शव पड़ा मिला।

उसके सिर के पिछले हिस्से पर चोट मारकर हत्या की गई है। राहगीरों ने पुलिस को अवगत कराया तो उन्हें जानकारी दी गई। जिस पर वे मौके पर पहुंचे और शव की पहचान प्रवीण के रूप में हुई। पुलिस ने देर शाम शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक्स-रे नहीं होने पर देरी से हुआ पोस्टमार्टम, लगाया जाम
युवक के शव को लेकर परिजन सुबह नौ बजे सामान्य अस्पताल में पहुंच गए थे। वहां एक्स-रे नहीं होने पर शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। आरोप है कि एक्स-रे में जिस कर्मी की ड्यूटी थी उसने कॉल रिसीव नहीं की। जिस पर शाम पांच बजे तक पोस्टमार्टम नहीं हुआ तो परिजन शव को स्ट्रेचर पर रखकर सामान्य अस्पताल के बाहर आ गए और महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगा दिया। वे एक्स-रे करने वाले कर्मी को सस्पेंड करने की मांग करने लगे। जाम की सूचना के बाद बहालगढ़ थाना प्रभारी ऋषिकांत मौके पर पहुंचे। उन्होंने डिप्टी सीएमओ डॉ. गिन्नी लांबा संग मिलकर ग्रामीणों को समझाकर आधे घंटे में जाम खुलवाया। इसके बाद खरखौदा से एक्स-रे के लिए रेडियोलॉजिस्ट बुलाया गया। उन्होंने एक्स-रे नहीं हो पाने की बात कही तो सिटी स्कैन कराया गया। उसके बाद पौन सात बजे शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक, लापरवाह पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों की तरफ से जाम लगाने की सूचना के बाद सामान्य अस्पताल में पहुंचे सोनीपत से विधायक सुरेंद्र पंवार ने पीड़ितों को ढांढस बंधाया। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों व कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में लगातार अव्यवस्था सामने आ रही है। यहां सुविधा तक नहीं है। वह इसे विधानसभा में उठाएंगे।

राई विधायक ने कहा करवाई जाएगी ठोस कार्रवाई
राई विधायक मोहन लाल बड़ौली भी सामान्य अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि पोस्टमार्टम में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारी व कर्मी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने मामले को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के संज्ञान में डाल दिया है। अगर इस तरह के मामले में पीड़ित पक्ष को जाम लगाना पड़े तो यह शर्म की बात है। इस मामले में ठोस कार्रवाई कराई जाएगी।

बरात में जिनके साथ गया उनके साथ नहीं लौटा
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक बरात में जिन युवकों संग गया था उनके साथ वापस नहीं लौटा। पुलिस ने मामले में कई संदिग्धों से पूछताछ की है। साथ ही अन्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है बि जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।

पुलिस को करना पड़ा रूट डायवर्ट
जाम के बाद कुछ देर में ही बहालगढ़ रोड पर वाहनों की कतार लग गई। जिस पर पुलिस को वाहनों को दूसरे मार्गों से निकालना पड़ा। पुलिस ने वाहनों को फाजिलपुर व मुरथल अड्डा और सेक्टर-15 से डायवर्ट करना पड़ा। जाम खुलने पर ही राहत मिल सकी।

पिता की बचपन में हो गई थी मौत, छोटा भाई की हादसे में गई थी जान
ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े भाई का निधन करीब 25 साल पहले हो गया था। तब प्रवीण काफी छोटा था। बाद में उनके बड़े भाई के छोटे बेटे रोहित उर्फ सुशी का भी जनवरी, 2016 में सड़क हादसे में निधन हो गया था। वह गांव से मुरथल विवि में पढ़ने जा रहा था। तभी उसकी मौत हो गई थी। उसके बाद से प्रवीण ही पूरे परिवार को संभाल रहा था। अब उसकी भी हत्या कर दी गई है।

दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
प्रवीण ने अपने पिता को बचपन में ही खो दिया था। अब उनके दो बच्चों के सिर से भी पिता का साया बचपन में ही उठ गया है। प्रवीण के पास करीब चार साल का बेटा उर्वंश व छह माह की बेटी हर्षिता है। प्रवीण की हत्या के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल है।


बरात में गए युवक की सिर में चोट मारकर हत्या की गई है। मामले में चाचा के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक्सरे नहीं होने के चलते शव का पोस्टमार्टम कराने में देरी हुई। बाद में शव का पोस्टमार्टम हो सका। इस मामले में लापरवाही करने वाले स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ कार्रवाई को लिखा जाएगा। -ऋषिकांत, थाना प्रभारी, बहालगढ़।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed