फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   प्रधानमंत्री की योजना बताकर 7 हजार लोगों के भरे फार्म, 15 लाख की ठगी कर भागे ठग, डाकखाने में फार्म आने पर खुलासा

प्रधानमंत्री की योजना बताकर 7 हजार लोगों के भरे फार्म, 15 लाख की ठगी कर भागे ठग, डाकखाने में फार्म आने पर खुलासा

Sat, 02 Mar 2019 12:50 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Sat, 02 Mar 2019 12:50 AM IST
विज्ञापन
प्रधानमंत्री की योजना बताकर 7 हजार लोगों के भरे फार्म, 15 लाख की ठगी कर भागे ठग, डाकखाने में फार्म आने पर खुलासा
प्रधानमंत्री के नाम की योजना बता 15 लाख समेटकर भागे ठग
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना/सोनीपत। प्रधानमंत्री की योजना बताकर 7 हजार लोगों के फार्म भरकर 15 लाख से अधिक की ठगी किए जाने के मामले का खुलासा हुआ है। डाकखाने में लगातार प्रधानमंत्री योजना ग्राम-शहर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नाम पर फार्म जमा होने लगे और लोगों की रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट के लिए भी लाइन लगने लगी तो डाक कर्मियों ने छानबीन की। जिसके बाद लोगों को बताया कि इस तरह की कोई योजना नहीं हैं। जिसके बाद लोगों को ठगी के बारे में पता चला। लोगों को फार्म 10 रुपये में बेचा गया और उसको भरने के नाम पर 200 रुपये ठगे गए। जिसके खुलासे के बाद एसडीएम गोहाना ने मामले की जांच शुरू कराई है। इस तरह फार्म बेचने वालों का पता लगाया जा रहा है।
गोहाना में एक सप्ताह से प्रधानमंत्री की योजना बताकर लोगों से ठगी का खेल चल रहा था। प्रधानमंत्री योजना ग्राम-शहर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नाम पर फर्जी फार्म तैयार कर लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे थे। फार्म पर लिखा था कि इसे भरकर प्रधानमंत्री भारत सरकार महिला एवं विकास मंत्रालय साउथ ब्लाक गेट नंबर-5 शास्त्री भवन नई दिल्ली के नाम भेजना है। योजना के तहत 8 से 22 साल की लड़की का फार्म भरा जा सकता था। इसके भरने पर बेटी की शादी में 2 लाख रुपये का कन्यादान देने की बात कही गई थी। फार्म पर लिखा गया है कि 260 करोड़ रुपये से इस योजना की शुरुआत 26 राज्यों में कर दी गई है। जिस पर लोगों ने फार्म भरने के बाद डाकघर से उनकी रजिस्ट्री व स्पीड पोस्ट करवाना शुरू कर दिया था। फार्म 10 रुपये का दिया गया और उसे भरवाने के नाम पर भी 200 रुपये लिए गए हैं। जब डाकघर के अधिकारियों को इस बारे में पता चला तो उन्होंने लोगों को बताया कि इस तरह कोई योजना नहीं है। उसके बाद भी आए दिन लोग डाकघर में पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन

आए दिन बॉक्स से निकल रहे डेढ़ हजार फार्म
डाकघर के कर्मचारियों ने बताया कि एक सप्ताह से इन फार्मों की भरमार है। गोहाना के पुराना बस स्टैंड मुख्य डाकघर, पुरानी अनाज मंडी, नए बस स्टैंड के सामने व कोर्ट परिसर में लगे बॉक्सों में बस यही फार्म निकल रहे हैं। आए दिन इन्हें सोनीपत भेजा जाता है। एक दिन में डेढ़ हजार फार्म निकल रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

41 रुपये की स्पीड पोस्ट, दस रुपये की टिकट
कर्मचारियों ने बताया कि फार्म को दिल्ली भेजने के लिए 41 रुपये की स्पीड पोस्ट की जाती है। 300 फार्म तो स्पीड पोस्ट किए जा चुके हैं। जो लोग बॉक्स में इन्हें डालते हैं वह 10 रुपये की टिकट इसपर लगाते हैं। लोगों के साथ धोखा कर पैसे ऐंठने का काम किया जा रहा है।
शहर के बाद गांव में फैली योजना की जानकारी
शहर के अलावा यह जानकारी क्षेत्र के गांवों में पहुंच गई। लोगों का कहना है कि उन्हें पड़ोस के लोगों से योजना का पता चला। जिसके बाद वह फार्म लेकर आए और इसका आवेदन किया। रिवाड़ा, रभड़ा, मोई हुड्डा, जवाहरा, बुटाना, भावड़, घड़वाल, बुटाना, गंगाना, राणा खेड़ी, खेड़ी दमकन, बीधल, आहुलाना के अलावा अन्य गांव से फार्म डाकघर में पहुंच रहे हैं। फार्म के दस रुपये दुकानदारों द्वारा लिए जा रहे हैं।
दुकानों की कर रहे जांच
डाकघर के अधिकारियों ने बताया कि वह इस योजना का इतना प्रचार होने के बाद डाकघर के आसपास की दुकानों पर लगातार जाकर जांच कर रहे हैं कि कहीं ऐसा फार्म तो नहीं बेचा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी दुकान पर फार्म मिलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। लेकिन डाकघर के आसपास दुकानों में अभी ऐसा कोई फार्म नहीं है।
फार्म पर लिखा पता भी गलत
डाकघर में योजना को लेकर वीरवार को भीड़ उमड़ गई थी। जिसके बाद डाकघर के पोस्ट मास्टर ने जो पता फार्म पर दिया गया है उसके बारे में पता किया तो वह पता भी कहीं नहीं मिला। जिसके बाद उन्होंने भीड़ को बाहर निकाल कर डाकघर के गेट को बंद कर दिया था। लेकिन उसके बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं।
फर्जी बताने पर झगड़ने लग जाते हैं लोग
पोस्टमास्टर नरेश ने बताया कि वह लोगों को योजना के फर्जी होने के बारे में बताते हैं तो वह झगड़ पड़ते हैं। कहते हैं कि उनका काम जांच पड़ताल करना नहीं हैं। पैसे उनके लग रहे हैं। जिसके बाद पोस्टमास्टर ने लोगों को बड़ी मुश्किल से समझाया। उसके बाद भी कई लोग फार्म को बाहर रखे बॉक्स में डाल गए।
--
घर वाले बना रहे दबाव
इस योजना के बारे में उनके परिवार वालों को पड़ोस से पता चला था। जिसके बाद उनके घर वालों ने भी फॉर्म मंगवाए और इन्हें भर दिया। आज इन्हें जमा कराने के लिए डाकघर में आया था। डाकघर में यह योजना फर्जी बताकर फॉर्म लेने से मना कर दिया। लोगों को इस फर्जीवाड़े से बचना चाहिए।
रवि, गांव भावड़।
--
डाकघर आने के बाद पता लगा फर्जी है फार्म
योजना के फार्म जमा कराने के लिए आया था। आस पड़ोस की कई लड़कियों के फार्म इकट्ठा कर गोहाना डाकघर पहुंचा तो यहां के अधिकारियों ने इसे फर्जी बताते हुए मना कर दिया। मुझे पड़ोस से पता चला था कि ऐसी कोई योजना है। जो शादी के समय कन्यादान के रूप में दो लाख देंगे। लेकिन यह फर्जी मिली।
आजाद, गांव रभड़ा।
--
टिकट भी लगा दी, तब पता लगा फर्जीवाड़ा
मेरे पास तीन बेटियां हैं। बेटियों की शादी करते समय पैसे मिल जाते। इसीलिए इस योजना के तहत तीनों के फार्म भरे। इन पर दूसरे डाकघर से लेकर टिकट लगा दी। लेकिन यहां आने पर पता चला कि यह योजना तो फर्जी है।
ऋषि, गांव खानपुर खुर्द।
--
एक सप्ताह से लोग फर्जी फार्म को भरकर डाकघर में पहुंच रहे हैं। यह पता नहीं लग पाया कि लोगों को इस बारे में किसने जानकारी दी। साथ फार्म किसने बांटे हैं। अब तक करीब 7 हजार फार्म आ चुके हैं। वीरवार से लोगों को टिकट देना व इनकी स्पीड पोस्ट करना बंद कर दिया है। मैंने फार्म पर दिए गए पते तक की जांच की, लेकिन यह पता कहीं नहीं है।

नरेश कुमार, पोस्ट मास्टर मुख्य डाकघर।
प्रधानमंत्री योजना ग्राम-शहर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नाम पर फर्जी फार्म तैयार कर बेचने का मामला व लोगों को गुमराह करने की बात मेरे संज्ञान में आई थी। डाकघर के अलावा अन्य अधिकारियों को इसके बारे में सूचित कर दिया गया है। इस तरह का आवेदन बेचने वालों के बारे में प्रशासन को सूचना दें। यह फर्जी तरीके से लोगों को ठगा गया है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
आशीष वशिष्ठ, एसडीएम।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed