CWG 2022: राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता बेटियों का हुआ स्वागत, निकाला विजयी जुलूस
सोनीपत में कांस्य पदक विजेता महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। मिशन चौक से महिला हॉकी मैदान तक खिलाड़ियों के सम्मान में विजयी जुलूस निकाला गया। स्वागत में शहर उमड़ गया। हॉकी खिलाड़ी नेहा, निशा और ज्योति का भी शानदार स्वागत हुआ।
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत में राष्ट्रमंडल खेलों में तिरंगा लहराकर वतन लौटीं बेटियों का बुधवार को शहर में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। बेटियों के स्वागत में पूरा शहर उमड़ पड़ा। कुश्ती में विरोधियों को चारों खाने चित करने वाली महिला पहलवान विनेश फोगाट को दिल्ली हवाई अड्डे से सम्मान के साथ लाया गया। विनेश के स्वागत में जोरदार नारे लगे। खरखौदा में उनके घर ढोल-नगाड़ों की थाप पर महिलाएं जमकर थिरकीं। विनेश को फूल मालाओं से लाद दिया गया। वहीं राष्ट्रमंडल खेलों में 16 साल से चल रहे पदक के सूखे को खत्म कर लौटी महिला हॉकी खिलाड़ी नेहा गोयल, निशा वारसी व ज्योति का भव्य स्वागत किया गया। हॉकी में कांस्य पदक जीतकर लौटी खिलाड़ियों के सम्मान में मिशन चौक से महिला हॉकी मैदान तक विजयी जुलूस निकाला गया।
राष्ट्रमंडल खेलों में महिला हॉकी में कांस्य पदक जीतकर लौटी खिलाड़ियों का दोपहर बाद शहर में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। मिशन पर लाडलियों का स्वागत करने के लिए शहरवासी उमड़ पड़े। यहां से हॉकी खिलाड़ियों को खुले वाहन में चढ़ाया गया। उनके साथ महिला हॉकी टीम की पूर्व प्रशिक्षक एवं द्रोणाचार्य अवॉर्डी प्रीतम सिवाच भी मौजूद रही।
मिशन चौक से चलकर विजय जुलूस औद्योगिक क्षेत्र स्थित महिला हॉकी मैदान तक पहुंचा। रास्ते में शहरवासियों ने देश का मान बढ़ाने वाली लाडलियों पर पुष्पवर्षा की गई। विजयी जुलूस में आगे खिलाड़ियों का वाहन चल रहा था, उनके पीछे हॉकी अकादमी की खिलाड़ी ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सवार होकर जिंदाबाद के नारे लगाते हुए चल रही थी।
हॉकी मैदान पर पहुंची खिलाड़ियों का पूर्व मंत्री कविता जैन, मेयर निखिल मदान, ललित बत्रा, ललित पंवार, कुलदीप नांगल, अभिषेक नैन के शिक्षक व प्रशिक्षक शमशेर सिंह रोहणा, द्रोणाचार्य अवार्डी प्रीतम सिवाच, कुलदीप सिवाच, अरविंद, अनिल धीमान, अनिल डबास, राजेश दहिया, नरेश, नरेंद्र, प्रेम, सीआरपीएफ के प्रशिक्षक मुकेश, खिलाड़ी मंदीप आंतिल, रोहताश, जितेंद्र, जोगिंद्र, रमेश समेत अन्य ने स्वागत किया। प्रीतम सिवाच फाउंडेशन ने सभी खिलाड़ियों व मास्टर शमशेर सिंह को नोटों की मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
देश के लिए पदक जीतने की है खुशी
राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतकर लौटी भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों नेहा गोयल, निशा वारसी व ज्योति ने सोनीपत पहुंचने पर कहा कि देश के लिए पदक जीतने की खुशी है। गम इस बात का है कि वे स्वर्ण पदक नहीं जीत पाईं, लेकिन ओलंपिक की तरह इस बार खाली हाथ नहीं लौटीं। राष्ट्रमंडल खेलों में 16 साल बाद देश की झोली में पदक डालना एक यादगार कामयाबी है। उन्होंने कहा कि अब एशियाई खेल व पेरिस ओलंपिक में अपने स्वर्ण पदक के सपने को पूरा करने के लिए परिश्रम करेंगी। इस बार जो कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर कर बेहतर तैयारी करेंगी।
राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी पहलवान विनेश फोगाट का स्वागत कर विजयी चिन्ह बनाते प्रशिक्षक व परिजन। संवाद
विनेश के सम्मान में लगे नारे, सेल्फी लेने की लगी होड़
राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी पहलवान विनेश फोगाट का बुधवार को दोपहर बाद दिल्ली हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया गया। हवाई अड्डे से बाहर निकलने पर परिजनों व प्रशंसकों ने विनेश फोगाट का फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान विनेश के साथ सेल्फी लेने के लिए प्रशंसकों में होड़ लगी रही।
विनेश को खुली कार में ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत करते हुए खरखौदा लाया गया। शाम चार बजे खरखौदा के वार्ड सात स्थित प्रताप कालोनी स्थित ससुराल पहुंचीं विनेश का भव्य स्वागत किया गया। कार से उतरते ही विनेश को उनकी सास सरोज देवी ने गले लगा लिया।
विनेश की जीत पर ससुर राजपाल राठी, पति सोमवीर राठी, सास सरोज देवी, प्रशिक्षक ओमप्रकाश दहिया ने भी जमकर जश्न मनाया। गांव बलाली से विनेश की मां प्रेमलता बेटी को आशीर्वाद देने खरखौदा पहुंचीं। विनेश के भाई हरेंद्र फोगाट भी समारोह में मौजूद रहे। विनेश का स्वागत के दौरान राजबीर जून, हवासिंह दहिया, ईश्वर दहिया, बलवंत दहिया, बख्ताखेड़ा के महताब राठी, आशीष राठी, मनजीत आंतिल, विपुल दहिया सहित अन्य मौजूद रहे।