सोनीपत। गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन के सदस्यों की बैठक की। बैठक में संस्थान की समस्याओं को लेकर चर्चा की। अस्पताल में लंबे समय से सेंट्रल एसी और मशीनें खराब हैं। रक्त के प्रमुख टेस्ट बंद हैं। समय पर मरम्मत न होने से भवन जर्जर हो रहा है। एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर समाधान करने की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. मुकेश कुमार ने बताया के मेडिकल कॉलेज में 1000 से ज्यादा छात्राएं एमबीबीएस, एमडी, एमएस, पेरामेडिकल के कोर्स कर रही हैं। पानी की पाइपें अवरुद्ध होने से जगह-जगह नमी आ गई है। संस्थान को जोड़ने वाली सड़कें टूट चुकी है। यहां आने वाले गंभीर मरीजों, गर्भवती व दूसरे मरीजों को परेशानी होती है। संस्थान में कार्यरत फैकल्टी की पदोन्नति लगभग दो साल से बंद है।एसोसिएशन की ओर से मांगपत्र मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, गोहाना से विधायक एवं सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के एसीएस, निदेशक को भी भेजा गया।