Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Sonipat News ›   AQI reaches 277; waste is being set on fire as soon as it gets dark.

Sonipat News: एक्यूआई 277 पर पहुंचा अंधेरा होते ही कूड़े में लगाई जा रही आग

Fri, 06 Nov 2026 02:36 AM IST
Rohtak Bureau रोहतक ब्यूरो
Updated Fri, 06 Nov 2026 02:36 AM IST
विज्ञापन
AQI reaches 277; waste is being set on fire as soon as it gets dark.

विज्ञापन
सोनीपत। जिला में हवा एक बार फिर जहरीली होने लगी है। नवंबर के पहले सप्ताह में ही वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने लगा है। हवा की धीमी रफ्तार और वातावरण में बढ़ती नमी के कारण प्रदूषित कण वातावरण में लंबे समय तक ठहर रहे हैं। वीरवार को सोनीपत का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 277 तक पहुंच गया, जबकि देर शाम यह 283 दर्ज किया गया। चिंताजनक स्थिति यह है कि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) और ग्रैप के दूसरे चरण के तहत जारी निर्देशों के बावजूद खुले में कूड़ा जलाने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। राई औद्योगिक क्षेत्र के पास अंधेरा होते ही कूड़े में आग लगा दी जाती है। इससे उठने वाला धुआं आसपास के वातावरण को प्रदूषित कर रहा है और सांस के रोगियों की परेशानी बढ़ा रहा है।

दो दिन में 117 अंक बढ़ा एक्यूआई, सांस लेना हुआ मुश्किल
नवंबर की शुरुआत से ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। हवा की गति करीब छह किलोमीटर प्रति घंटा रहने और वातावरण में नमी बढ़ने से प्रदूषण के कण बिखरने के बजाय एक ही स्थान पर ठहरे हुए हैं। बुधवार को एक्यूआई 237 था, जो वीरवार को बढ़कर 277 तक पहुंच गया। दो दिन पहले यह 160 दर्ज किया गया था। प्रदूषण बढ़ने से लोगों को खांसी, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि हवा की रफ्तार नहीं बढ़ी तो एक्यूआई 300 के पार पहुंच सकता है।
विज्ञापन


रात के अंधेरे में कूड़ा जलाकर नियमों को दिखा रहे ठेंगा
एक ओर प्रशासन प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्ती बरतने के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर राई औद्योगिक क्षेत्र के पास खुले में कूड़ा जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। अंधेरा होते ही कूड़े में आग लगा दी जाती है। इससे निकलने वाला जहरीला धुआं आसपास के क्षेत्र में फैलता है। खुले में कूड़ा जलाना प्रदूषण नियंत्रण संबंधी आदेशों का उल्लंघन है। इसका सबसे अधिक असर सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों, बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


निर्माण कार्यों पर रोक, प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रशासन सख्त
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार से निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी है। ग्रैप के तहत लागू प्रतिबंधों की पालना सुनिश्चित कराने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं, खुले में कूड़ा जलाने और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने की जरूरत है।

फसल अवशेष जलाने की अब तक कोई घटना नहीं
प्रदूषण नियंत्रण के लिए कृषि विभाग भी फसल अवशेष प्रबंधन पर विशेष ध्यान दे रहा है। राहत की बात है कि इस सीजन में अब तक उपग्रह के माध्यम से पराली जलाने की कोई घटना सामने नहीं आई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक छह घटनाएं दर्ज की गई थीं। कृषि विभाग किसानों को जागरूक करने के साथ ड्रोन के माध्यम से खेतों की निगरानी भी कर रहा है।

दीपावली के बाद पश्चिमी विक्षोभ से मिल सकती है राहत
मौसम विशेषज्ञ डॉ. प्रेमदीप के अनुसार, हवा की गति धीमी होने से प्रदूषण फैलाने वाले कण वातावरण में लंबे समय तक बने हुए हैं। दीपावली पर पटाखों का धुआं प्रदूषण को और बढ़ा सकता है। हालांकि, 10 और 14 नवंबर को लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इनमें 14 नवंबर का पश्चिमी विक्षोभ अधिक प्रभावशाली हो सकता है। इसके प्रभाव से तेज हवा के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश और हवा की गति बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में गिरावट आ सकती है।




-टीम लगातार निगरानी कर रही है। अगर कहीं कोई कूड़े में आगजनी करते मिलेगा तो उसके खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
अजय मलिक, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed