गांव हसनपुर स्थित शराब ठेके में घुसकर तीन हमलावरों ने सेल्समैन पर पिस्तौल के बट व बोतल से जानलेवा हमला कर नकदी और शराब की पेटी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हे गए। सेल्समैन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास व लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला कन्नौज के गांव किशनपुरा निवासी जयचंद ने मुरथल पुलिस को बताया कि वह गांव हसनपुर स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन है। वह ठेके पर ही रहता है। मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह ठेके के अंदर सो गया। देर रात 12 बजे किसी ने ठेके का दरवाजा खटखटाया। उसने देखा कि गांव बाहर बाइक पर गांव हसनपुर निवासी नीटू, काबरी व एक अन्य युवक खड़े थे। जब उसने खिड़की खोली तो नीटू ने पिस्तौल निकालकर उसे दरवाजा खोलने को कहा। साथ ही नहीं खोलने पर मारने की धमकी दी। उसने दरवाजा खोल दिया। उसके दरवाजा खोलते ही युवक अंदर आ गए। नीटू ने पिस्तौल का बट उसके मुंह पर मार दिया। काबरी ने शराब की बोतल उठाकर उसके सिर में मार दी। वह बुरी तरह से घायल होकर नीचे गिर गया। तीनों ने शराब के ठेके में तोड़फोड़ की और गल्ले से 5 हजार रुपये व एक पेटी शराब लूट ली। बाद में वह फरार हो गए। उसने ठेकेदार को अवगत कराया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। मामले की सूचना के बाद मुरथल थाना पुलिस अस्पताल में पहुंची और जयचंद के बयान पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।