{"_id":"617c63c4ad7a1f13d704b15d","slug":"voting-will-be-held-today-for-by-election-of-ellenabad-assembly-seat-of-haryana","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऐलनाबाद उपचुनाव: आज 1 लाख 86 हजार मतदाता करेंगे 20 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, सात बजे से 211 केंद्रों पर होगा मतदान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऐलनाबाद उपचुनाव: आज 1 लाख 86 हजार मतदाता करेंगे 20 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, सात बजे से 211 केंद्रों पर होगा मतदान
Sat, 30 Oct 2021 02:42 AM IST
भूपेंद्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Sat, 30 Oct 2021 02:42 AM IST
सार
इनेलो नेता अभय चौटाला ने किसान आंदोलन के समर्थन में इस सीट से इस्तीफा दिया था। इसी कारण ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
विज्ञापन
मतदान (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : iStock
विस्तार
हरियाणा के सिरसा जिले की ऐलनाबाद विधानसभा सीट के उपचुनाव में 20 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इनके भाग्य का फैसला एक लाख 86 हजार 416 मतदाता ईवीएम मशीनों का बटन दबाकर तय करेंगे। शनिवार को सुबह सात से शाम 6 बजे तक 211 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 2 नवंबर को घोषित किया जाएगा। जिसमें ऐलनाबाद के विधायक की घोषणा होगी। शनिवार को शांतिपूर्वक तरीके से मतदान करवाने को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट पर है। पुलिस प्रशासन की ओर से ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में 34 कंपनियों सहित पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। मतदान के दौरान 65 पेट्रोलिंग पार्टियां और 52 पुलिस नाके लगाए गए हैं।
विज्ञापन
पुलिस लाइन सिरसा में हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य ने बताया कि शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने के लिए जिला पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों के 34 कंपनियां तथा हिसार रेंज के विभिन्न जिलों से आए हुए पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं।
विज्ञापन
हरियाणा व पंजाब सीमा पर पहले से स्थापित नाकों के अलावा 52 पुलिस नाके चुनाव के दृष्टिगत स्थापित किए गए हैं जिन पर पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। राजस्थान व पंजाब सीमा पर स्थापित किए गए बॉर्डर नाकों को पूरी तरह सील कर दिया गया है और संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही हैं। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं और एक्स्ट्रा फोर्स की तैनाती की गई है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें : टीकरी बॉर्डर पर तनाव: रात को पुलिस रास्ता खोलने लगी तो जेसीबी के आगे लेटे किसान, बोले- नहीं देंगे रास्ता, भारी पुलिस बल तैनात
हरियाणा के वोटरों के लिए आज छुट्टी
हरियाणा से सटे पंजाब के इलाकों में स्थित दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारी, जो हरियाणा के वोटर हैं, को ऐलनाबाद उपचुनाव के लिए 30 अक्तूबर को अपने वोट के अधिकार का प्रयोग करने के लिए वेतन सहित छुट्टी का एलान किया गया है। यह जानकारी श्रम विभाग के प्रवक्ता ने दी। पंजाब शॉप्स एंड कामर्शियल इस्टेब्लिशमेंट एक्ट, 1958 (1958 का पंजाब एक्ट नं. 15) की धारा -10 की उपधारा (1) के दूसरे प्रावधान के अंतर्गत पंजाब की दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों जो हरियाणा के वोटर हैं, के लिए 30 अक्तूबर, 2021 (शनिवार) के दिन छुट्टी रहेगी।