डबवाली। पशुपालन एवं डेयरी विभाग मंडी डबवाली द्वारा एएचडीएफ स्कीम के तहत शुक्रवार को पशु चिकित्सालय डबवाली में खंड स्तरीय पशुधन क्रेडिट कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसान पशुओं की देखभाल के लिए ऋण ले सकते हैं।
डॉक्टर विद्यासागर बंसल उपनिदेशक के मार्गदर्शन तथा डॉ. राकेश निवरिया उपमंडल अधिकारी पशुपालन विभाग की अध्यक्षता में किया गया। शिविर के आयोजक डॉ. तरुण सरदाना पशु चिकित्सालय मंडी डबवाली तथा एसडीएम सिरसा के प्रतिनिधि के रूप में हरी पाल शाखा प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। डॉ. राकेश ने बताया कि पशुपालक अपने गाय, भैंस, भेड़, बकरी आदि के रखरखाव के लिए 3 लाख तक का ऋण ले सकता है।
उन्होंने बताया कि पशुपालक एक लाख 60 हजार तक का ऋण बिना किसी गारंटी के ले सकता है। हरिपाल ने बताया कि पशु किसान क्रेडिट कार्ड को सालाना सात फीसदी ब्याज दर पर दिया जाता है। अगर पशुपालक अपने ऋण का समय पर भुगतान करता है तो उसे सरकार द्वारा तीन पर्सेंट ब्याज दर का अनुदान भी दिया जाता है। डॉ. तरुण ने पशुपालकों से आह्वान करते हुए कहा कि वे ज्यादा से ज्यादा स्कीम का फायदा उठाएं तथा कम ब्याज दर पर मिलने वाली कार्यशाला पूंजी से अपनी आमदनी बढ़ाएं। इस अवसर पर वीएलडीए कर्मजीत सोनू, अनिल, गंगन, मनदीप उपस्थित रहे।