वीरवार को 75 वर्षीय मृतक पाखर सिंह के परिजन गांव के कुछ लोगों के साथ प्रात: 11 बजे के करीब डबवाली के सामान्य अस्पताल पहुंचे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस के प्रभारी राजेंद्र सिंह मोर व शहर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतक के बेटे जगसीर सिंह, परिजनों व गांव के लोगों से बात की। पुलिस अधिकारियों ने धरनारत लोगों को समझाया कि मृतक पाखर सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाएं और उसका अंतिम संस्कार कर दें, लेकिन मृतक के परिजन उसके साथ मारपीट कर उसे अपमानित करने वाले चारो दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। प्रात: 11 बजे से शुरू हुआ धरना शाम 5 बजे तक चलता रहा। इसके बाद पुलिस द्वारा दो दिनों के भीतर दोषियों को गिरफ्तार कर लिए जाने के आश्वासन के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया और देर सायं करीब छह बजे के बाद अपने गांव की ओर रवाना हुए। इस संबंध में सदर थाना पुलिस के प्रभारी राजेंद्र सिंह मोर ने बताया कि पोस्टमार्टम उपरांत मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस बल के जवानों को एंबुलेंस के साथ भेजा गया है ताकि उसका अंतिम संस्कार शांतिपूर्वक करवाया जा सके। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बीते दिवस मृतक पाखर सिंह का शव मौजगढ़ हैड से बरामद हुआ था। सदर थाना पुलिस ने मृतक पाखर सिंह के बेटे जगसीर सिंह के ब्यानों के आधार पर विकास, मनीष, विरेंद्र उर्फ राजू व कुलविंदर निवासी खुईयां मलकाना के खिलाफ अभियोग दर्ज किया था। डबवाली के नागरिक अस्पताल में मृतक के परिजनों ने मृतक का शव लेने से इंकार करते हुए पहले चारों दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी।